इंदौर। सच है, लड़कियां अब लड़कों के कंधे से कंधा मिलाकर चल रहीं हैं। केवल पढ़ाई या नौकरियों के मामले में नहीं बल्कि क्राइम के मामलों में भी। यहां 2 लड़कियों को एक बैंक मैनेजर के घर में चोरी की कोशिश करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया है।
जानकारी के मुताबिक, विजय नगर थाना इलाके में स्कीम नंबर-74 में रहने वाले पीएनबी बैंक के मैनेजर एएस वर्मा शनिवार दोपहर अपने परिजनो के साथ पुणे गए हुए थे। रविवार सुबह पड़ोसियों को बैंक मैनेजर के घर से तोड़फोड़ की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद आस-पड़ोस के लोग इकट्ठे होकर बैंक मैनेजर के घर पहुंचे तो देखा कि दो लड़कियां पीछे का दरवाजा तोड़कर अंदर चोरी करने के लिए घुसने का प्रयास कर रही थीं। इन लड़कियों को पड़ोसी पकड़ने में कामयाब रहे।
आरोपी लड़कियों के साथ अन्य दो अन्य युवतियां और एक बाइक सवार युवक भी था, जो भागने में कामयाब रहे। पड़ोसी महिला मीरा सिसौदिया ने आरोप लगाया कि सूचना देने के बाद करीब 45 मिनट बाद पुलिस मौके पर पहुंची। घटना स्थल पर मौजूद पुलिसकर्मियों से जब मीडिया ने चर्चा करनी चाही तो उन्होंने जांच के बाद बात करने की बात कही है।