भोपाल। खबर आ रही है कि भिंड विधायक नरेन्द्र सिंह कुशवाह एवं उनके 2 साथियों ने 24 मार्च को एक घरेलू विमान के भीतर महिलाओं के साथ अश्लील हरकतें की एवं टोकने पर सहयात्रियों से विवाद भी किया।
विधायक बीते 24 मार्च को इंडिगो की फ्लाईट से दिल्ली से गोहाटी जा रहे थे, उनके साथ उनके 2 साथी भी थे। जिनके नाम आशीष त्रिपाठी एवं राजेन्द्र मिहोलिया बताए गए हैं। बताया जा रहा है कि श्री राजेन्द्र मिहोलिया भिंड नगरपालिका अध्यक्ष के पति भी हैं और शासकीय सेवा में रहते हुए राजनीति करते हैं। ये तीनों कामाख्या देवी (असम) में दर्शन करने जा रहे थे।
इसी बीच विधायक के साथियों ने महिला सहयात्रियों के साथ अश्लील हरकतें करना शुरू कर दिया। विधायक के एक साथी ने अपने बच्चे को स्तनपान करा रही महिला यात्री का वीडियो बनाया जबकि दूसरे साथी ने एयर होस्टेस के फोटो खींचे। जब विमान के यात्रियों द्वारा इसका विरोध किया गया तो उन्होनें सहयात्रियों से भी अभद्र व्यवहार किया।
हालांकि अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि अश्लील हरकतें करने वाले इन यात्रियों के खिलाफ इंडिगो ने कोई कार्रवाई की है या नहीं। इस मामले में आरोपी विधायक का बयान आना अभी शेष है।