मैदान-ए-भोपाल: चीन और भारत के बीच कड़ा मुकाबला होगा, Women's Asian Champions Trophy

Updesh Awasthee
अंकित दुबे, भोपाल; 17 नवंबर 2026
| मैदान-ए-भोपाल यानी भोपाल के नाथू बरखेड़ा स्थित अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर में आयोजित महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी ने सारी दुनिया का ध्यान खींच लिया है। जबरदस्त मुकाबला होने की संभावना है। भोपाल के कुछ हॉकी एक्सपर्ट्स का कहना है कि, चीन और भारत के बीच खड़ा मुकाबला होने की संभावना है। 

महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026

भोपाल में 19 से 28 नवंबर तक होने जा रही महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी को लेकर शहर में खासा उत्साह है। जिन लोगों को हॉकी के बारे में कुछ नहीं पता वह भी इस टूर्नामेंट के बारे में जानने और समझने की कोशिश कर रहे हैं। लंबे अंतराल के बाद भोपाल को इतने बड़े अंतरराष्ट्रीय हॉकी टूर्नामेंट की मेजबानी मिली है।भारत सहित एशिया की छह टीमें इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी। इनमें चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया और थाईलैंड शामिल हैं।

चीन में दम लेकिन कम नहीं है हम

इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन को लेकर एमपी हॉकी अकादमी के कोच और ओलिंपियन समीर दाद का कहना है कि भोपाल हॉकी की नर्सरी रहा है और यहां का हर खिलाड़ी, स्टेडियम में एशिया की टीमों को खेलते हुए देखने के लिए उत्साहित है। भारतीय महिला टीम की वर्ल्ड रैंकिंग और चीन की स्थिति पर समीर दाद ने कहा कि मौजूदा समय में चीन का पलड़ा थोड़ा भारी नजर आता है। चीन ओलिंपिक पदक विजेता टीम है। उन्होंने भारत और चीन के बीच मुकाबले को 60:40 के अनुपात में चीन के पक्ष में बताया। समीर ने कहा कि भारत ने एशियन गेम्स में चीन को हराया है, इसलिए इस बार भी भारतीय टीम उलटफेर कर सकती है। हालांकि यह समीर का अपना पूर्वानुमान है। मैदान में खिलाड़ियों का प्रदर्शन इससे अलग हो सकता है।

दीपिका की मौजूदगी से मजबूत हुई टीम


समीर दाद के मुताबिक भारतीय महिला टीम में दीपिका की मौजूदगी काफी अहम है। महिला हॉकी में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलना चुनौतीपूर्ण होता है और दीपिका टीम के लिए बड़ी ताकत साबित हो सकती हैं।

इसके अलावा नवनीत कौर का अनुभव और उनकी खेल को समझने की क्षमता टीम को मजबूती देती है। कप्तान सलीमा टेटे भी टीम की अहम खिलाड़ी हैं।

समीर का कहना है कि मौजूदा भारतीय टीम में उन्हें कोई बड़ी कमजोरी नजर नहीं आती। टीम एक इकाई के रूप में अच्छा प्रदर्शन कर रही है। 

रिपोर्ट: अंकित दुबे।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!