भोपाल, 17 नवंबर 2026: यह मामला एक महिला के असाधारण साहस, पराक्रम और वन विभाग की मक्कारी का है। जहां एक तरफ वन विभाग के अधिकारियों ने रिश्वत के लालच में अपने कर्तव्य का निर्वहन नहीं किया वहीं दूसरी ओर वन विभाग के कर्मचारियों को वेतन के लिए टैक्स देने वाली ग्रामीण किसान महिला ने, सरकार की मदद के बिना ही, मगरमच्छ पकड़ लिया, और मगरमच्छ को लेकर वन विभाग के ऑफिस जमा करवाने पहुंच गई। जानिए इस मामले में मगरमच्छ को पकड़ने के कारण महिला किसान के खिलाफ क्या कोई कानूनी कार्रवाई हो सकती है और अपने निर्धारित कर्तव्य का पालन नहीं करने वाले वन विभाग के अधिकारी के खिलाफ क्या कोई FIR भी हो सकती है...
किसान को गिड़गिड़ाना भी पड़ेगा और रिश्वत भी देनी पड़ेगी
यह कहानी महिला किसान गीता यादव की है। मध्य प्रदेश में जबलपुर जिले के खमरिया थाना अंतर्गत आने वाले ग्राम सोनपुर घाना में गीता यादव का खेत है जिसमें सरकार की प्रेरणा से उसने तालाब बना रखा है और मछलियों का पालन करती है। पति लखपत यादव, उसकी मदद करता है। कुछ दिनों पहले उसके तालाब में एक 4 फीट लंबा मगरमच्छ आ गया। उसने नियम के अनुसार वन विभाग वालों को इसकी सूचना दी और बताया कि, मगरमच्छ उसके तालाब की मछलियों को खा रहा है जिसके कारण उसकी भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है। बस यह लाइन सुनते ही वन विभाग के कर्मचारी अकड़ गए। उनको समझ में आ गया था कि, मगरमच्छ के नुकसान से बचने के लिए किसान को गिड़गिड़ाना भी पड़ेगा और रिश्वत भी देनी पड़ेगी। इसके बाद वही हुआ जो हमेशा होता है। समस्या को सुना तो गया लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।
विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल
इधर महिला किसान गीता यादव जब परेशान हो गई और उसको समझ में आ गया कि फॉरेस्ट वाले लीगल ड्यूटी नहीं करेंगे, तो उसने स्वयं ही समस्या का हल ढूंढ निकाला। मगरमच्छ को पकड़ने के लिए जाल फैलाया और अपने पति की मदद से मगरमच्छ को जाल में फंसा कर फॉरेस्ट के ऑफिस चली गई। गीता यादव ने अधिकारियों के सामने मगरमच्छ को रखकर विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए।
मामला सामने आने के बाद जब पत्रकारों ने सवाल किया तो वन विभाग के अधिकारियों ने जवाब दिया कि, रेस्क्यू टीम अन्य संवेदनशील वन्यजीव ऑपरेशन में व्यस्त थी, जिस कारण मौके पर पहुंचने में विलंब हुआ। हालांकि अधिकारियों ने "अन्य संवेदनशील वन्यजीव ऑपरेशन" के बारे में कुछ भी नहीं बताया। शायद यह राष्ट्रीय महत्व का और गोपनीय मामला रहा होगा, या फिर शायद कोई मामला ही नहीं हो। जब पोल खुल गई तो फिर कुछ तो बहाना बनाना था।
लीगल कॉर्नर: वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972
भारतीय वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत मगरमच्छ को अनुसूची 1 (Schedule I) के तहत सर्वोच्च कानूनी संरक्षण प्राप्त है। इसका अर्थ यह है कि मगरमच्छ को मारना, घायल करना, अवैध रूप से बंदी बनाना या उसका शिकार करना गैर-जमानती अपराध है, जिसमें सात साल तक के कठोर कारावास और भारी जुर्माने का प्रावधान है।
क्या गीता यादव को जेल होगी
जबलपुर की इस घटना में महिला या किसान का उद्देश्य वन्यजीव को नुकसान पहुंचाना या उसकी तस्करी करना नहीं था, बल्कि अपनी आजीविका की रक्षा करना और प्रशासनिक उदासीनता के खिलाफ आवाज उठाना था। कानूनी विशेषज्ञों के अनुसार, संकट के समय आत्मरक्षा या संपत्ति की तात्कालिक रक्षा के तहत किए गए कार्यों को अपराध की श्रेणी में नहीं माना जाता। यह निजी प्रतिरक्षा का मामला है। कोई भी व्यक्ति, स्वयं की अथवा किसी भी अन्य व्यक्ति के शरीर की रक्षा के लिए अथवा अपनी संपत्ति की रक्षा के लिए, संतुलित बल प्रयोग कर सकता है। जैसा की गीता यादव ने किया।
क्या लापरवाह वन अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई हो सकती है?
ज्यादातर लोग नहीं जानते और इसलिए सरकारी कर्मचारी और अधिकारी फायदा उठाते हैं लेकिन भारत में यदि कोई सरकारी कर्मचारी अपनी कानून द्वारा निर्धारित आधिकारिक ड्यूटी (Legal Duty / Statutory Duty) का पालन नहीं करता है, तो उसके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई, अनुशासनात्मक कार्रवाई और परिस्थितियों के अनुसार आपराधिक कार्रवाई भी की जा सकती है।
गीता यादव का मामला अधिक गंभीर है
यह समझना जरूरी है कि सरकारी कर्मचारी द्वारा ड्यूटी नहीं करना केवल प्रशासनिक लापरवाही नहीं है। यदि वह जानबूझकर अपने वैधानिक कर्तव्य का पालन नहीं करता और इससे किसी नागरिक के अधिकार, जीवन, संपत्ति या न्याय को नुकसान पहुंचता है, तो मामला अधिक गंभीर हो सकता है।
1. सरकारी कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई के प्रमुख कानूनी प्रावधान
भारत में इसके लिए मुख्य रूप से निम्नलिखित कानून और नियम लागू होते हैं।
(क) मध्य प्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 – नियम 3
मध्य प्रदेश में सरकारी कर्मचारियों के लिए यह अत्यंत महत्वपूर्ण प्रावधान है। नियम 3 के अनुसार प्रत्येक सरकारी कर्मचारी को हमेशा:
1. पूर्ण सत्यनिष्ठा (Absolute Integrity) बनाए रखनी होगी।
2. अपने कर्तव्यों के प्रति निष्ठा (Devotion to Duty) रखनी होगी।
3. ऐसा कोई कार्य नहीं करना होगा जो सरकारी कर्मचारी के लिए अशोभनीय हो।
अर्थात यदि कोई अधिकारी जानबूझकर अपनी निर्धारित ड्यूटी नहीं करता, तो यह नियम 3 के अंतर्गत कदाचार (Misconduct) बन सकता है।
(ख) मध्य प्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966
यह नियम सरकारी कर्मचारी को दंडित करने की प्रक्रिया और दंड निर्धारित करता है। नियम 10 में दो प्रकार के दंड निर्धारित हैं:
लघु दंड (Minor Penalty) : गंभीर दंड (Major Penalty)
निंदा (Censure) : वेतनमान में निम्न स्तर पर लाना
पदोन्नति रोकना : निम्न पद या सेवा में पदावनति
सरकारी नुकसान की वेतन से वसूली : अनिवार्य सेवानिवृत्ति
वेतनवृद्धि रोकना : सेवा से हटाना या बर्खास्त करना
विशेष रूप से नियम 10(iii) महत्वपूर्ण है। यदि कर्मचारी की लापरवाही या आदेश के उल्लंघन से सरकार को आर्थिक नुकसान हुआ है, तो उसकी वेतन से वसूली भी की जा सकती है।
भारतीय न्याय संहिता, 2023 धारा 198
यह सरकारी कर्मचारी के विरुद्ध एक महत्वपूर्ण आपराधिक प्रावधान है। यदि कोई लोक सेवक:
- कानून द्वारा निर्धारित अपने कर्तव्य की जानबूझकर अवहेलना करता है;
- उसका उद्देश्य किसी व्यक्ति को नुकसान पहुंचाना है अथवा उसे यह जानकारी है कि इससे नुकसान होने की संभावना है;
तो BNS की धारा 198 के अंतर्गत कार्रवाई हो सकती है।
सजा: एक वर्ष तक का साधारण कारावास, जुर्माना अथवा दोनों।
शिकायत कहां और कैसे की जा सकती है?
यदि कोई सरकारी कर्मचारी अपनी कानूनी ड्यूटी नहीं निभाता है, तो नागरिक निम्नलिखित माध्यम अपना सकता है:
1. संबंधित कर्मचारी के वरिष्ठ अधिकारी या विभागाध्यक्ष को लिखित शिकायत।
2. सक्षम प्राधिकारी से नियम 10, 14 और 16 के तहत कार्रवाई की मांग।
3. यदि तथ्यों से BNS के अंतर्गत अपराध बनता है, तो पुलिस में शिकायत।
4. परिस्थितियों के अनुसार हाईकोर्ट में अनुच्छेद 226 के तहत रिट याचिका।
5. यदि मामला भ्रष्टाचार या लोकसेवक द्वारा पद के दुरुपयोग से संबंधित है, तो लागू क्षेत्राधिकार के अनुसार लोकायुक्त से शिकायत।
6. यदि पुलिस भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत मामला दर्ज नहीं करती है तो न्यायालय में प्राइवेट इस्तगसा दाखिल कर सकते हैं।

.webp)
