भोपाल, 12 नवंबर 2026: भाषणों में बड़े संवेदनशील से दिखाई देने वाले नेता, अपनी शान के लिए पब्लिक को खूब परेशान करते हैं। पीएम मोदी ने लाल बत्ती कल्चर खत्म कर दिया तो क्या हुआ, उनका काफिला आज भी ट्रैफिक डिस्टर्ब करता है। भोपाल में एयरपोर्ट से लेकर नर्मदापुरम रोड तक दिनभर ट्रैफिक डिस्टर्ब रहा, लोग परेशान होते रहे और भोपाल पुलिस VVIP मूवमेंट का बंदोबस्त करती रही। सनद रहे कि यह वही भोपाल है जहां पर परीक्षा देने जा रहे हैं विद्यार्थियों को रास्ता देने के लिए, पीएम मोदी का काफिला रुक गया था।
दिन में कई बार पुलिस ने ट्रैफिक ब्लॉक किया
शहर के करीब 10 प्रमुख पॉइंट पर रुक-रुककर यातायात बाधित होता रहा। VVIP काफिले को निकालने के लिए बार-बार 5 से 8 मिनट तक वाहनों की आवाजाही रोकी जाती रही। इससे सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रही। स्थिति यह बनी थी कि काफिले के गुजरने के बाद भी ट्रैफिक सामान्य होने में कई मिनट लग रहे हैं। कई जगह वाहन रेंगते हुए निकल रहे हैं। सबसे ज्यादा असर एयरपोर्ट रोड, लालघाटी, VIP रोड, मोती मस्जिद से कमला पार्क जाने वाली सड़क, कमला पार्क, पॉलिटेक्निक चौराहा और बीयू से मिसरोद की ओर जाने वाली सड़क पर देखने को मिल रहा है।
भोपाल में आज रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, पश्चिम बंगाल के नेता शुभेंदु अधिकारी और केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल समेत कई VVIP पहुंचे थे।
काफिला निकलने के बाद भी नहीं मिल रही राहत
VVIP मूवमेंट के दौरान ट्रैफिक को कुछ मिनटों के लिए रोकना पड़ा। लेकिन इसका असर केवल काफिले के गुजरने तक सीमित नहीं रहा। वाहनों की लंबी कतारें बनने से रास्ता खुलने के बाद भी ट्रैफिक धीरे-धीरे आगे बढ़ता। एक मार्ग पर यातायात रुकने का असर आसपास के चौराहों और उनसे जुड़े रास्तों पर भी दिखाई देता रहा।
पुराने भोपाल में मोती मस्जिद के सामने वाली सड़क से कमला पार्क की ओर जाने के लिए कई लोग रॉन्ग साइड का इस्तेमाल कर रहे थे। इससे सड़क के दोनों ओर जाम के हालात बने।
आम वाहन चालकों को बार-बार रुकना पड़ा
शहर के अलग-अलग हिस्सों में एक साथ यातायात रोकने और फिर धीरे-धीरे वाहनों को निकालने के कारण लोगों को सामान्य सफर में भी अतिरिक्त समय लग रहा है। कार्यक्रम में शामिल होने वाले नेताओं के काफिलों की आवाजाही के बीच आम वाहन चालकों को बार-बार रुकना पड़ा।

.webp)