भोपाल, 13 नवंबर 2026: कांग्रेस पार्टी में नकुलनाथ की पहचान केवल इतनी है कि वह कमलनाथ के सुपुत्र हैं, लेकिन मध्य प्रदेश में कांग्रेस पार्टी इतनी कमजोर हो गई है कि, अपनी दम पर मध्य प्रदेश में 50 पार्षद जिताने की क्षमता नहीं रखने वाले नेता भी अपने पिता की दम पर राजधानी में शक्ति प्रदर्शन कर रहे हैं। स्वयं को कांग्रेस का सर्वोच्च नेता और सीएम कैंडिडेट का दावेदार बता रहे हैं। यह पूरा कार्यक्रम, जीतू पटवारी की नेतृत्व क्षमता और दृढ़ शक्ति पर सवाल उठता है।
ना कांग्रेस से अनुमति ली, ना नगर निगम से
दिनांक 14 नवंबर बाल दिवस के दिन भोपाल में नकुलनाथ का शक्ति प्रदर्शन निर्धारित किया गया है। अभी तक कांग्रेस पार्टी की ओर से इस कार्यक्रम की कोई आधिकारिक सूचना नहीं आई है। मतलब कांग्रेस पार्टी ने नकुलनाथ को ऐसे किसी कार्यक्रम की अनुमति नहीं दिए। भोपाल नगर निगम ने भी नकुलनाथ को शहर में पोस्टर लगाने की अनुमति नहीं दी है फिर भी पूरे शहर में नकुलनाथ के पोस्टर लगाए जा रहे हैं। यहां तक कि भोपाल स्थित कांग्रेस मुख्यालय के बाहर भी लगे हैं। पोस्टर पर लिखा है कि मध्य प्रदेश की मजबूरी है, नकुलनाथ जरूरी है।
यहां उल्लेख करना जरूरी है कि छिंदवाड़ा कांग्रेस पार्टी का गढ़ रहा है, इसी कारण से इंदिरा गांधी ने कमलनाथ को यहां से चुनाव लड़वाने के लिए भेजा था। इंदिरा गांधी को पता था कि कमलनाथ को पॉलिटिक्स नहीं आती, इसलिए छिंदवाड़ा भेजा ताकि जीत सुनिश्चित हो। इंदिरा गांधी के बाद कमलनाथ ने छिंदवाड़ा को अपनी पॉलिटिकल रियासत की तरह उपयोग किया लेकिन नकुलनाथ इसी छिंदवाड़ा लोकसभा सीट से चुनाव हार चुके हैं। जो व्यक्ति अपनी लोकसभा में लोकप्रिय नहीं है, वह खुद को कांग्रेस के सर्वोच्च नेता और मुख्यमंत्री पद का दावेदार बताने भोपाल आ रहा है।
जीतू पटवारी से सवाल
जीतू पटवारी और मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी की मजबूरी देखिए। खुलेआम अनुशासनहीनता हो रही है और कोई कुछ नहीं कह पा रहा है। सवाल सिर्फ इतना सा है कि जो जीतू पटवारी, प्रदेश अध्यक्ष होते हुए अपनी पार्टी को कंट्रोल नहीं कर पा रहे हैं, क्या वह मुख्यमंत्री बनने के बाद मध्य प्रदेश को कांग्रेस के नेताओं के हाथों लूटने से बचा पाएंगे?

.webp)