भोपाल, 18 नवंबर 2026: सोशल मीडिया और वायरल वीडियो के इस जमाने में भलमंसाहत अब गुनाह हो गया है। सिवनी के एडिशनल एसपी दीपक मिश्रा, पकड़म पकड़ाई खेलने होटल में आए एक युवक और युवती को, केवल इसलिए प्रेशराइज्ड कर रहे थे, ताकि वह दोबारा ऐसा ना करें। लेकिन होटल वाला चतुर निकला, उसने वीडियो वायरल करवा दिया। सोशल मीडिया पर हंगामा हो गया और अंततः मुख्यमंत्री ने एडिशनल एसपी दीपक मिश्रा सहित उनकी टीम में मौजूद सभी पुलिस अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया।
क्या है पूरा घटनाक्रम: 13 नवंबर 2026 की शाम होटल सिद्धार्थ में क्या हुआ
प्राप्त जानकारी और सामने आए सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, यह घटना 13 नवंबर 2026 की शाम की बताई गई है। सिवनी के बाबरिया रोड पर स्थित होटल सिद्धार्थ में पुलिस का एक दल औचक निरीक्षण और पूछताछ के नाम पर पहुंचा था। इस दल में सिवनी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) दीपक मिश्रा, अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (SDOP) चंचलेश मरकाम और कोतवाली थाना प्रभारी (TI) सतीश तिवारी अन्य पुलिसकर्मियों के साथ शामिल थे।
मोरल पुलिसिंग: होटल में रुकने का कारण नहीं बता पाए
होटल के एक कमरे में एक वयस्क युवक और युवती वैध पहचान पत्र जमा कर ठहरे हुए थे। पुलिस अधिकारियों ने कमरे का दरवाजा खुलवाया और दोनों से वहां रुकने का कारण पूछा। जब दोनों कोई ठोस कारण नहीं बता पाए तो सबको समझ आ गया कि दोनों बिना विवाह किए, पकड़म पकड़ाई खेलने आए हैं। इसके बाद अधिकारियों ने युवक और युवती से कहा कि वे तुरंत अपने माता-पिता और परिजनों को फोन कर होटल में अपनी मौजूदगी की जानकारी दें। चूंकि युवक और युवती दोनों ही कानूनन बालिग थे, इसलिए उन्होंने अपनी निजता के अधिकार का हवाला देते हुए घर पर फोन करने से इनकार कर दिया।
होटल के गलियारे में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है कि एडिशनल एसपी दीपक मिश्रा केवल इतना चाहते हैं कि उनके माता पिता को इसकी जानकारी हो। जब दोनों कानूनी अधिकारों की बात करने लगे तो केवल डराने के लिए उन्होंने अधीनस्थ पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया कि लड़के के बैग में गांजा रख दो। स्पष्ट समझ में आ रहा है कि यह कोई साजिश नहीं है। केवल इतना है कि युवक युवति अपने कानूनी अधिकारों का उपयोग करते हुए अपने परिवार की सामाजिक मर्यादा का उल्लंघन ना करें।
होटल संचालक ने बात का बतंगड़ बना दिया
मध्यप्रदेश में इस तरह की बातें हर रोज होतीं हैं परंतु होटल सिद्धार्थ के संचालक संजय सनोडिया ने बात का बतंगड़ बना दिया। होटल संचालक का दावा है कि स्थानीय पुलिस अधिकारी लंबे समय से होटल व्यवसायियों पर अनुचित दबाव बना रहे थे। होटल संचालक संजय सनोडिया ने मीडिया और वरिष्ठ अधिकारियों को दिए अपने बयान में आरोप लगाया है कि पुलिस द्वारा होटल को बिना किसी रुकावट के चलाने के बदले हर महीने 25,000 रुपये की अवैध राशि की मांग की जा रही थी। संचालक का कहना है कि जब उन्होंने यह नाजायज रकम देने से इनकार कर दिया, तो 13 नवंबर 2026 को पुलिस अधिकारी दल-बल के साथ होटल पहुंचे और जांच के नाम पर दहशत फैलाने की कोशिश की।
सीएम ने सबको सस्पेंड कर दिया
पुलिस की वर्दी में अनुशासनहीनता एवं कदाचार किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। पुलिस बल में अनुशासन, जवाबदेही और कर्तव्यनिष्ठा सर्वोपरि है। सिवनी के वायरल वीडियो प्रकरण में प्रथम दृष्टया संदिग्ध आचरण सामने आने पर ASP, SDOP सहित 6 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने और प्रकरण की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं। प्रदेश में कानून व्यवस्था बनाए रखने वाले प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी से जिम्मेदारी, मर्यादा और अनुशासन के साथ कर्तव्यों के निर्वहन की अपेक्षा है। कदाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) November 18, 2026
मिश्रा जी ने जो किया वह अपराध नहीं है
मैं आपको 2 मिनट के भीतर साबित करके दे सकता हूं कि, एडिशनल एसपी श्री दीपक मिश्रा और उनकी टीम ने जो कुछ भी किया, वह कदाचरण या अपराध की श्रेणी में नहीं आता। भारतीय कानून का एक मूलभूत सिद्धांत है "Actus non facit reum, nisi mens sit rea", इसका मतलब होता है, कोई भी कार्य तब तक अपराध नहीं बनता, जब तक कि उसे करने वाला 'अपराधी मन' या 'दुर्भावनापूर्ण आशय' (Mens Rea) न हो। कृपया वीडियो को एक बार फिर ध्यान से देखिए। यहां मिश्रा जी केवल एक कोशिश कर रहे हैं, वह चाहते हैं कि युवक और युवती, यह स्वीकार करें कि विवाह से पहले इस तरह होटल रूम में आना अच्छी बात नहीं है। वह इसके लिए माफी मांगे और अगली बार नहीं आने का वचन दें। मिश्रा जी इस मामले में सोशल पेरेंटिंग कर रहे हैं, उनके मन में कोई अपराध नहीं है। वह पकड़े गए युवक से ना तो कोई रिश्वत चाहते हैं और ना ही रिश्वत की चाहत में उसके बैग में मादक पदार्थ रखने की साजिश कर रहे हैं।
वायरल हुआ वीडियो वही एडिशनल एसपी मिश्रा को निर्दोष साबित करता है, इसमें किसी भी प्रकार की जांच की जरूरत नहीं है, बल्कि मध्य प्रदेश पुलिस यह सामाजिक कर्तव्य हमेशा निभाती है। उन्होंने किसी की निजता का हनन भी नहीं किया, क्योंकि उन्होंने केवल पूछताछ की, युवक और युवती की पहचान में जाकर नहीं की, वीडियो वायरल नहीं किया।
एक सवाल तो यह भी बनता है
वैसे एक और सवाल बनता है। यह घटना 13 नवंबर की है, वीडियो 17 नवंबर को वायरल किया गया, ऐसा क्यों?
- क्या होटल संचालक एडिशनल एसपी के साथ कोई डील करना चाहता था।
- कहीं ऐसा तो नहीं की होटल संचालक नहीं पुलिस टीम को ट्रैप किया है।
- क्या होटल संचालक चाहता है कि उसका होटल शहर में पकड़म पकड़ाई का अड्डा बन जाए। जहां पर अविवाहित युवक युवतियां, अथवा आफ्टर मैरिटल अफेयर वाले कपल्स, बिना किसी रोक-टोक के आते रहें।
यह बात बिल्कुल सही है कि शादी के पहले फिजिकल रिलेशन और शादी के बाद किसी और के पार्टनर के साथ फिजिकल रिलेशन भारत के कानून में गुनाह नहीं है, लेकिन यह बात भी सही है कि ऐसा करने वालों को सामाजिक सम्मान नहीं मिलता।
तो फिर मुख्यमंत्री ने सस्पेंड क्यों किया
कागज पर क्या लिखा है यह बात अलग है लेकिन कुछ बातों का एक व्यावहारिक पहलू भी होता है। मुख्यमंत्री ने मिश्रा जी को इसलिए सस्पेंड किया क्योंकि एडिशनल एसपी होने के बावजूद उन्होंने यह नहीं देखा कि वह सीसीटीवी कैमरा के सामने खड़े हुए हैं। उन्होंने बच्चों को सामाजिक मर्यादा में लाने के लिए, प्रेशर क्रिएट करने का जो तरीका अपनाया, एक एडिशनल एसपी के लिए यह तरीका ठीक नहीं है। एडिशनल एसपी को अपने पद के सम्मान का ध्यान रखना चाहिए। वह किसी पुलिस इंस्पेक्टर की तरह, थाने में बंद करने की धमकी नहीं दे सकते।
- उपदेश अवस्थी (विधि सलाहकार एवं पत्रकार)।

.webp)