भोपाल, 3 अक्टूबर 2026: केंद्रीय गृहमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेता श्री अमित शाह ने आज एक बार फिर मध्य प्रदेश के सबसे बड़े पॉलिटिकल गॉसिप पर फुल स्टॉप लगा दिया है। भोपाल में उन्होंने भरे मंच पर, मुख्यमंत्री श्री मोहन यादव को संबोधित करते हुए कहा कि मैं आपके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा रहूंगा।
विवरण और पृष्ठभूमि
आज भोपाल के भेल दशहरा मैदान में ‘राज्य स्तरीय गौपालक सम्मेलन’ का भव्य आयोजन किया गया। डॉ मोहन यादव ने मध्य प्रदेश में गाय एवं दुधारू पशुओं का पालन करने वाले लोगों को किसान का दर्जा देते हुए, एक नई श्रेणी डेवलप कर दी है। डॉ मोहन यादव श्वेत क्रांति-2.0 के तहत मध्य प्रदेश को गुजरात के बाद भारत का दूसरा सबसे बड़ा मिल्क प्रोड्यूसर बनाना चाहते हैं। इसके लिए वह निरंतर काम कर रहे हैं। एक तरफ औद्योगिकरण, दूसरी तरफ धार्मिक पर्यटन, तीसरी तरफ आयुर्वेद और प्राकृतिक चिकित्सा को वर्ल्ड क्लास बनाने का मिशन और चौथ मध्य प्रदेश को भारत का दूसरा सबसे बड़ा मिल्क प्रोड्यूसर बनने का टारगेट, कई प्रकार की व्यस्तताएं और चुनौतियां पैदा करते हैं। मध्य प्रदेश को नक्सली मुक्त बनाने के कारण कई नए शत्रु पैदा हो गए हैं, जिसके कारण बाहरी ताकतों ने मध्य प्रदेश की व्यवस्था को डिस्टर्ब करने की कोशिश शुरू कर दी है। इन सब चुनौतियों के बीच जब मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने मंच से ऐलान किया कि, मध्य प्रदेश से 50 लाख लीटर दूध उत्पादन किया जाएगा तो अमित शाह ने इस टारगेट को केंद्र में रखते हुए, वह मैसेज भी दे दिया जिसका इंतजार किया जा रहा था।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल के बारे में अमित शाह ने क्या कहा
श्री अमित शाह ने दूध उत्पादन के टारगेट को केंद्र में रखते हुए कहा कि, आपने जो लक्ष्य निर्धारित किया है, वह बहुत कठिन है, लेकिन मैं आपके साथ कंधे से कंधा मिलाकर आपका यह लक्ष्य सिद्ध करवाने में, आपके साथ रहूंगा। इसके अलावा श्री अमित शाह ने यह भी कहा कि, मैं मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और उनकी टीम को हृदयपूर्वक साधुवाद देना चाहता हूं और बधाई देना चाहता हूं।
अमित शाह के बयान का निष्कर्ष क्या है
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और उनकी टीम को (अर्थात कैबिनेट मंत्रियों को) बधाई का तात्पर्य है कि आज तक उन्होंने जो कुछ भी किया, वह सही था और उनकी सफलता, बधाई की पात्र है। "मैं आपके साथ कंधे से कंधा मिलाकर आपका यह लक्ष्य सिद्ध करवाने में, आपके साथ रहूंगा" का तात्पर्य है कि, मिशन 2029 के लिए आपने जो तय किया है, मैं कंधे से कंधा मिलाकर आपके साथ हूं और यह सुनिश्चित करूंगा कि आपका मिशन सफल हो। यहां उल्लेख कर देना ठीक होगा कि, 2028 में मध्य प्रदेश विधानसभा और 2029 में लोकसभा का चुनाव है। श्री अमित शाह ने भरे मंच से यह भी स्पष्ट कर दिया कि, "आपने जो लक्ष्य निर्धारित किया है, वह बहुत कठिन है"। इसका तात्पर्य हुआ कि, कुछ शक्तिशाली लोग मोहन यादव सरकार की सफलताओं से विचलित हो रहे हैं और मोहन यादव एवं उनके मंत्रिमंडल को अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने से रोकने के लिए डिस्टरबेंस पैदा कर रहे हैं। लेकिन श्री अमित शाह ने स्पष्ट मैसेज दे दिया है कि, वह कितने भी शक्तिशाली हों, सही समय आने पर मैं उनका इलाज कर दूंगा। रिपोर्ट: अजय सोनार।

