भोपाल, 2 अक्टूबर 2026: अभी कुछ दिनों पहले बालाघाट के पत्रकारों का एक वीडियो वायरल हुआ था। उसमें वह आत्म सम्मान और स्वाभिमान की बात कर रहे थे। आज फिर एक वीडियो वायरल हुआ है। इसमें राहुल गांधी, प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी से कह रहे हैं कि, इनको थोड़ा डिसिप्लिन में लाइए।
बालाघाट के मुद्दे पर सबसे भारी, जीतू पटवारी
आपको याद होगा कुछ दिनों पहले राहुल गांधी इंदौर आए थे। मंच पर उन्होंने कहा था कि मुझे बुलाओ मैं भोपाल आऊंगा। फिर पता चला कि वह बालाघाट जा रहे हैं। सरकार पर जो आरोप कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने लगाए थे, राहुल गांधी उसमें एक नई बात नहीं जोड़ पाए। मतलब बालाघाट के मुद्दे पर अब तक सबसे भारी, जीतू पटवारी रहे, लेकिन राहुल गांधी का भी एक वीडियो वायरल हो रहा है। आदिवासियों के मुद्दे पर नहीं बल्कि बालाघाट की मीडिया के मुद्दे पर। राहुल गांधी के कार्यक्रम में जितना टाइम आदिवासियों को दिया गया था, उतना ही टाइम मीडिया को दिया गया था। मतलब राहुल गांधी का बालाघाट दौरा मीडिया को ध्यान में रखकर ही तय किया गया था।
ऐसे हो नहीं पाएगा, इनको डिसिप्लिन में लाइए
मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने जो बयान दिए, उसमें से तो कुछ भी वायरल नहीं हुआ लेकिन, 26 सेकंड का एक वीडियो जरूर वायरल हो रहा है। इसमें राहुल गांधी बालाघाट की मीडिया से नाराज होते हुए दिखाई दे रहे हैं। पत्रकारों को अनुशासनहीन बता रहे हैं और कह रहे हैं, ऐसे हो नहीं पाएगा, इनको डिसिप्लिन में लाइए।

