मैहर, 11 अक्टूबर 2026: माँ शारदा देवी धाम मैहर में शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिवस श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। दिनांक 11 अक्टूबर को प्रातः 4 बजे से सायं 8 बजे तक कुल *1 लाख 25 हजार 811 श्रद्धालुओं* ने सुगमता पूर्वक माता के दर्शन किए।
पैदल मार्ग से 1.17 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे
पैदल मार्ग द्वारा 1,17,625, वैन मार्ग द्वारा 1,686 एवं रोपवे मार्ग द्वारा 6,500 श्रद्धालुओं ने दर्शन लाभ लिया। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, स्वच्छता और स्वास्थ्य व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए हैं। माँ के लाइव दर्शन के लिए शहर में जगह-जगह एलईडी स्क्रीन लगाई गई हैं। कलेक्टर श्रीमती बिदिशा मुखर्जी और पुलिस अधीक्षक श्री अवधेश प्रताप सिंह द्वारा मेला व्यवस्थाओं की सतत निगरानी की जा रही।
पुणे के फूलों से हुआ दिव्य श्रृंगार
माँ शारदा मंदिर के गर्भ गृह को पुणे से मंगाए गए विशेष फूलों से आकर्षक रूप से सजाया गया। दिव्य श्रृंगार के दर्शन कर श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, ड्रोन और सीसीटीवी से निगरानी
सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण हेतु ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से सतत निगरानी की जा रही है। भीड़ नियंत्रण के लिए 650 से अधिक पुलिस बल तैनात किया गया है।

