भोपाल, 23 सितंबर 2026: मध्य प्रदेश में बुधवार को व्यापारियों ने प्रस्तावित UPI चार्ज के विरोध में ‘नो-UPI डे’ मनाया। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर समेत कई शहरों में व्यापारियों ने 2 हजार रुपए से ज्यादा के UPI पेमेंट लेने से इनकार किया। दुकानों के QR स्कैनर और साउंड बॉक्स पर काला कपड़ा बांधकर विरोध जताया गया। UPI का प्रतीकात्मक पुतला भी लटकाया गया।
UPI पर MDR से 2% तक महंगाई बढ़ सकती है
भोपाल चेंबर के प्रवक्ता अजय देवनानी ने कहा- UPI पर लगाया जा रहा शुल्क जायज नहीं है। अहिल्या चेंबर के सदस्य कैलाश चंद्र खंडेलवाल ने कहा- सरकार हिडन एजेंडा चला रही है। भोपाल के सराफा कारोबारियों ने दावा किया कि इससे 2% तक महंगाई बढ़ सकती है। थोक किराना कारोबारियों ने कहा- अतिरिक्त चार्ज लगने पर इसे ग्राहकों से वसूलना मजबूरी हो जाएगी।
जब GST दे रहे हैं तो मर्चेंट टैक्स क्यों दें
वहीं, कैट के जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र शर्मा ने कहा- व्यापारी UPI के विरोध में नहीं हैं, बल्कि MDR की अतिरिक्त लागत का विरोध कर रहे हैं। जब शुल्क व्यापारी से ही लिया जाना है तो MDR की जगह इसे ‘मर्चेंट टैक्स रेट’ क्यों न कहा जाए। इंदौर के व्यापारियों ने भी कहा कि चार्ज से कारोबारियों का नुकसान होगा और इसका असर जनता पर पड़ेगा।
भोपाल के सराफा बाजार में सुनील जैन सोने की अंगूठी खरीदने पहुंचे थे। पेमेंट 2 हजार रुपए से ज्यादा होने पर दुकानदार ने ऑनलाइन भुगतान लेने से इनकार कर दिया। इसके बाद सुनील जैन बिना खरीदारी किए वापस लौट गए।


