भोपाल, 25 सितंबर 2026: मध्य प्रदेश में आज शुरू हुई मुख्यमंत्री शुगम बस सेवा योजना पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री जीतू पटवारी ने कहा कि, मध्य प्रदेश में लगभग 25 साल से भाजपा की सरकार है। सरकारी बस सेवा बंद करने का पाप भी तो बीजेपी नहीं किया था। आज जो बस सेवा शुरू की गई है, वह उपलब्धि नहीं बल्कि पुराने पाप का प्रायश्चित है।
श्री जीतू पटवारी ने कहा कि किसी भी नई सेवा की शुरुआत सकारात्मक सोच के साथ होना अच्छी बात है, लेकिन कुछ बसें शुरू करके उसे बड़ी उपलब्धि बताना और लगातार बड़े-बड़े आंकड़े गिनाना सिर्फ प्रचार का हिस्सा नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि 300 बसें शुरू की जा रही हैं और प्रचार 25000 बस का किया जा रहा है। श्री पटवारी ने कहा कि भाजपा को यह भी स्वीकार करना चाहिए कि मध्य प्रदेश में पिछले करीब 25 वर्षों से उनकी ही सरकार रही है। उन्होंने कहा कि यदि प्रदेश की परिवहन व्यवस्था में कमियां हैं तो उनकी जिम्मेदारी से भाजपा बच नहीं सकती।
उन्होंने कहा, “25 साल से आपकी ही सरकार है। अगर कोई पाप हुआ है तो आपके ही लोगों ने किया है, इसे भी स्वीकार करना चाहिए।”
दोष शिवराज सिंह चौहान की सरकार का था
श्री पटवारी ने कहा कि लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत नहीं किया गया। “सुगम सेवा अगर समाप्त हुई तो उसका दोष भी शिवराज सिंह चौहान की सरकार का था। जनता को लंबे भाषणों और विज्ञापनों की नहीं, बल्कि जमीन पर बेहतर और सुरक्षित परिवहन व्यवस्था की जरूरत है।
बस का रंग बदलने से व्यवस्था नहीं बदलती
जीतू पटवारी ने कहा कि सरकार सुगम सेवाएं शुरू करे, बसें चलाए, लेकिन इसके साथ यह भी सुनिश्चित करे कि यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और विश्वसनीय परिवहन व्यवस्था मिले। बस का रंग बदलने से व्यवस्था नहीं बदलती। जनता को काम चाहिए, जवाबदेही चाहिए और सुरक्षित परिवहन व्यवस्था चाहिए।”

