JABALPUR NEWS: हाई कोर्ट में अनीता बहू की याचिका खारिज, पीड़ित ससुर की सुनवाई शुरू होगी

Updesh Awasthee
जबलपुर, 26 सितंबर 2026
: बेटे की मृत्यु हो जाने के बाद सामान्य तौर पर ससुराल वाले बहू को घर से निकाल देते हैं लेकिन यह मामला थोड़ा उल्टा है। यहां बहू ने, ससुराल वालों को उनका हिस्सा देने से मना कर दिया। जबकि संपत्ति, पैतृक नहीं है बल्कि ससुर ने स्वयं अपनी लीगल कमाई से खरीदी थी। वृद्ध ससुर ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया तो, बहू ने उच्च न्यायालय में याचिका लगा दी। हाई कोर्ट ने बहू की याचिका खारिज करते हुए, मामले को प्रथम सिविल जज (कनिष्ठ खंड), जबलपुर (Civil Suit No. 643A/2023) के समक्ष विचारण के लिए स्वतंत्र कर दिया। 

पिता ने बेटे के नाम घर खरीदा था, और संपत्ति का बंटवारा भी कर दिया था

मामले के अनुसार, वादी क्रमांक 1 (रामनाथ यादव) ने 6 अक्टूबर 1977 को अपने 12 वर्षीय नाबालिग बेटे के नाम पर अपने ज्ञात स्रोतों व आय से पंजीकृत विक्रय पत्र (sale deed) के माध्यम से संपत्ति खरीदी थी। उक्त बेटा वर्ष 1983 में बालिग हुआ। संपत्ति का कब्जा परिवार के पास ही रहा और 26 नवंबर 1989 को परिवार के सदस्यों के बीच एक पारिवारिक समझौता (Family Arrangement) हुआ, जिसके तहत संपत्ति का वितरण किया गया और रामनाथ यादव का 1/3 हिस्सा तय हुआ।

बेटे की मौत के बाद बहू ने हिस्सा देने से मना कर दिया

मार्च 2023 में बेटे की मृत्यु हो जाने के बाद, उसके कानूनी वारिसों (बेटे की पत्नी अनीता यादव एवं संतान) ने पारिवारिक समझौते के आधार पर वादियों (पिता रामनाथ यादव एवं अन्य परिवार) के हिस्से को देने से इनकार कर दिया। इसके बाद रामनाथ यादव पक्ष ने 6 जुलाई 2023 को सिविल कोर्ट में घोषणा (declaration) और स्थायी निषेधाज्ञा (permanent injunction) हेतु वाद दायर कर संपत्ति में 1/3 हिस्से का दावा किया। 

निचली अदालत में चुनौती और प्रतिवादियों के तर्क

बहू अनिता यादव व अन्य ने सिविल प्रक्रिया संहिता (CPC) के आदेश 7 नियम 11 के तहत वाद पत्र खारिज करने हेतु आवेदन दायर किया था। उनके मुख्य तर्क निम्नलिखित थे:
चूंकि पिता ने बेटे के नाम पर जमीन खरीदी थी और अब स्वयं को वास्तविक मालिक बता रहे हैं, इसलिए बेनामी अधिनियम की धारा 4 के तहत ऐसा वाद पोषणीय नहीं है।
बेटा 1983 में बालिग हुआ था, इसलिए परिसीमा अधिनियम के अनुच्छेद 60 के अनुसार बालिग होने के 3 वर्ष के भीतर वाद दायर होना चाहिए था।

उच्च न्यायालय का विधिक विश्लेषण एवं निष्कर्ष
न्यायालय ने बेनामी अधिनियम, 1988 की धारा 2(9)(iii) का उल्लेख करते हुए माना कि यदि कोई व्यक्ति अपने ज्ञात आय के स्रोतों से अपने जीवनसाथी या बच्चे के नाम पर संपत्ति खरीदता है, तो वह बेनामी लेन-देन के दायरे से बाहर (अपवाद) आती है। चूंकि वादी ने स्पष्ट उल्लेख किया था कि संपत्ति परिवार के हित में खरीदी गई थी और 1989 में पारिवारिक समझौता भी हुआ था, इसलिए धारा 4 के तहत वाद बाधित नहीं होता। 

हाईकोर्ट ने पुष्पलता बनाम विजय कुमार (2022) मामले में सर्वोच्च न्यायालय द्वारा तय सिद्धांतों का संदर्भ दिया, जिसमें लेन-देन के बेनामी होने या न होने के निर्धारण हेतु धन के स्रोत और पक्षकारों के इरादे को मुख्य मानदंड माना गया है।

परिसीमा के मुद्दे पर न्यायमूर्ति दीपक खोट ने स्पष्ट किया कि वादी विक्रय पत्र को रद्द करने की मांग नहीं कर रहे हैं, बल्कि 1989 के पारिवारिक समझौते के आधार पर अपना हिस्सा मांग रहे हैं। मार्च 2023 में जब प्रतिवादियों ने उनका हिस्सा देने से इनकार किया, तब वाद कारण (cause of action) उत्पन्न हुआ। न्यायालय ने सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय पी. कुमारकुरुबरन बनाम पी. नारायणन (2025) का हवाला देते हुए माना कि परिसीमा का प्रश्न तथ्य और कानून का एक मिश्रित प्रश्न (mixed question of fact and law) है, जिसे केवल साक्ष्य के आधार पर ही तय किया जा सकता है। 

हाईकोर्ट का फैसला: 
जबलपुर हाईकोर्ट (माननीय न्यायमूर्ति दीपक खोट) ने अनिता यादव की याचिका निरस्त कर दी। अदालत ने स्पष्ट किया कि पिता द्वारा नाबालिग बेटे के नाम परिवार के हित में खरीदी जमीन बेनामी अधिनियम [धारा 2(9)(iii)] के अपवाद में आती है, और परिसीमा का प्रश्न साक्ष्य (evidence) से तय होगा, इसलिए मुख्य केस का विचारण सिविल कोर्ट में जारी रहेगा।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!