कटनी, 21 अगस्त 2026: गवर्नमेंट आफ इंडिया के इनकम टैक्स डिपार्टमेंट के कटनी मध्य प्रदेश स्थित रेस्ट हाउस में, डिपार्टमेंट के एक सीनियर ऑफिसर की डेड बॉडी मिली है। ना तो कोई सुसाइड नोट मिला है और ना ही संघर्ष के निशान मिले हैं। यह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे और पिछले साल ही ट्रांसफर होकर कटनी आए थे।
माधव नगर पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान वरिष्ठ आयकर अधिकारी माधवेंद्र प्रताप सिंह के रूप में की गई है। वे मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बाराबंकी के रहने वाले थे। वे कटनी में पोस्टेड थे। माधव नगर पुलिस के मुताबिक, सुबह सरकारी ड्राइवर, माधवेंद्र प्रताप सिंह के कमरे पर कार की चाबी लेने पहुंचा था। उसने कई बार बेल बजाई और दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। काफी देर तक कमरे से कोई हलचल नहीं हुई। इस दौरान कर्मचारियों को अनहोनी की आशंका हुई। कर्मचारियों ने फौरन पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही माधव नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। कमरे का दरवाजा तोड़ा। अंदर अधिकारी बिस्तर पर अचेत अवस्था में पड़े मिले।
सुसाइड नोट नहीं मिला, शरीर पर चोट के निशान भी नहीं
पुलिस की शुरुआती जांच में कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। अधिकारी के शरीर पर चोट के कोई निशान भी नहीं मिले हैं। प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण साइलेंट अटैक माना जा रहा है, लेकिन पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
2024-25 में हुई थी कटनी में पदस्थापना
माधवेंद्र प्रताप सिंह की पदस्थापना 2024-25 में कटनी स्थित आयकर विभाग में हुई थी। जॉइनिंग के बाद से वे बरगवां स्थित विभागीय गेस्ट हाउस में रह रहे थे। वे शादीशुदा थे। उनका परिवार बाराबंकी में रहता है। कटनी में वे अकेले रह रहे थे।
पोस्टमॉर्टम के बाद होगा मौत का खुलासा
माधव नगर थाना प्रभारी शैलेंद्र सिंह यादव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। परिजन को सूचना दे दी गई है। परिजन के कटनी पहुंचने के बाद पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। इसके बाद ही अधिकारी की मौत की सही वजह सामने आएगी।

