भोपाल, 7 अगस्त 2026: मध्य प्रदेश की शिवपुरी पुलिस ने एक ऑनलाइन इच्छाधारी Gen Z युवक को गिरफ्तार किया है। यह युवक रात में खूबसूरत लड़की और दिन में इंदौर का असिस्टेंट कमिश्नर आफ पुलिस बन जाता था। रात में वीडियो कॉल करके अपने कपड़े उतारता था और दिन में वीडियो कॉल करके, रात में मजे लेने वालों का बुखार उतार देता था।
जानकारी के अनुसार भौंती के राधाकृष्ण मोहल्ला निवासी शिवम लोधी उम्र 21 साल पुत्र - स्व. अमरसिंह लोधी को भौती थाना पुलिस ने सायबर ठगी के मामले में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी से आईफोन सहित तीन मोबाइल जब्त किए हैं। जब्त दो मोबाइल में पुलिस ने वाट्सएप खंगाला तो इंदौर एसीपी (असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस) अशोक सिंह जादौन के नाम से सीबीआई पुलिस और डीएसपी अशोक के नाम से प्रोफाइल निकलीं।
लड़कियों के नाम से दो अश्लील प्रोफाइल मिली
जबकि आईफोन में क्रश ऐप में लड़कियों के नाम से दो अश्लील प्रोफाइल मिली हैं। लड़कियों की प्रोफाइल के जरिए दूसरे राज्यों के लोगों के स्क्रीन वीडियो व स्क्रीनशॉट फोटो ले लेते थे। फिर इंदौर एसीपी जादौन की फोटो प्रोफाइल वाले वाट्सएप नंबरों से लोगों को झूठे केस में फंसाने की धमकती देते थे। केस सेटल करने के नाम पर लाखों की सायबर ठगी करते थे।
पुलिस को आईफोन में एक नंबर से शिवम नाम से खुद की वाट्सएप प्रोफाइल है। जबकि दूसरे नंबर 75085158267 से क्रश एप में रूपा व शिवी नाम से प्रोफाइल बनी हैं। उक्त आईडी अकाउंट के जरिए पहले लोगों को न्यूड वीडियो दिखाकर आकर्षित किया जाता है, फिर दूसरे मोबाइल से उनकी वीडियो व स्क्रीनशॉट बना लेते हैं। उसके बाद उन लोगों को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर ब्लैकमेल करते हैं। वहीं शिवम के वीवो फोन की फोटो गैलरी खोलने पर उसमें पुलिस वर्दी के साथ एक व्यक्ति का फोटो और क्यूआर कोड व न्यूड फोटो-वीडियो मिले हैं।
पुलिस के सामने,बलात्कार और घर से उठवाने की धमकी दे रहा था
पुलिस के मुताबिक भौंती में बड़ी नदी के पास खरेश्वर मंदिर स्थित घाट पर कुछ लोग बैठे थे। पुलिस पहुंची तो एक व्यक्ति तेज आवाज में अपने आप को इंस्पेक्टर जादौन बताकर फोन पर किसी को दुष्कर्म के केस में फंसाने की धमकी देकर मुकदमा दर्ज होने व तत्काल घर से उठवा लेने की बात कह रहा था। दबिश दी तो सभी बदमाश अलग-अलग दिशाओं में भागे। पुलिस ने मौके से शिवम लोधी को धर दबोचा जबकि उसके तीन साथी अनिल जोशी, सौरभ जाटव, सुमंत जाटव भाग निकले। आरोपी ने बताया कि मोबाइल सिम और बैंक खाते अनिल जोशी और सौरभ जाटव उपलब्ध कराते थे।
शिवम के दो मोबाइल में चार नंबर, दो नंबर में एसीपी जादौन की फोटो
शिवम लोधी के फोन में दो नंबरों में पहले नंबर 9630167469 से बिजनेस वाट्सएप अकाउंट बना है। वाट्सएप प्रोफाइल पिक में पुलिस अधिकारी का फोटो लगा है। प्रोफाइल में नाम डीएसपी अशोक लिखा है। दूसरे नंबर की वाट्सएप प्रोफाइल में किसी लड़की की अर्द्धनग्न फोटो है। दूसरे फोन के पहले नंबर 8269538517 से वाट्सएप प्रोफाइल में एसीपी जादौन की फोटो लगाई है और सीबीआई पुलिस लिखा है। दूसरे नंबर की वाट्सएप प्रोफाइल में किसी लड़की की अर्द्धनग्न फोटो है। पुलिस केस में अन्य एंगलों पर भी जांच कर रही है।
ट्रांजेक्शन डिटेल निकलवाने के लिए भेजा है
अभी तीन खाता नंबर मिले हैं, ट्रांजेक्शन डिटेल निकलवाने भेजा है। जानकारी आने पर पता चलेगा कि कितने लोगों से कितना साइबर फ्रॉड हुआ है। बैंक खाते और सिमों की भी जानकारी निकलवा रहे हैं।
घनश्याम सिंह भदौरिया, टीआई, पुलिस थाना भौंती

.webp)