वेद शर्मा, अनूपपुर: नगर पालिका जैतहरी जाने वाले मुख्य मार्ग और रेलवे अंडरब्रिज की यह तस्वीर स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की बेशर्मी की दास्तान बयां कर रही है। जरा सी बारिश में यह मुख्य रास्ता समंदर बन चुका है नाली और बारिश का लबालब बदबूदार पानी सड़कों पर है और आम जनता इसी नरक से गुजरने को मजबूर है लेकिन सिस्टम में बैठे जिम्मेदारों को इससे कोई फर्क नहीं पड़ता।
नगर पालिका अध्यक्ष महोदय मुस्कुराते हुए अपनी चमचमाती फोर व्हीलर गाड़ी से पानी को चीरते हुए निकल जाते हैं और पीछे पीछे मुख्य नगरपालिका अधिकारी (CMO) व इंजीनियर भी अपनी बंद गाड़ियों में बैठकर इस बदहाली को अनदेखा कर देते हैं। साहब लोगों की गाड़ियां ऊंची हैं उन्हें क्या फर्क पड़ता है कि जनता किस हाल में जी रही है। दूसरी तरफ क्षेत्र के नेता भी आंखों पर काली पट्टी बांधकर तमाशबीन बने हुए हैं।
चुनाव में बड़े-बड़े विकास के दावे करने वाले ये नेता आज इस रेलवे पुल के नीचे फैले भ्रष्टाचार के पानी में चुप्पी साधे बैठे हैं जनता गंदे पानी में डूबे और हादसों का शिकार हो, लेकिन नेताओं और अफसरों को सिर्फ अपनी सहूलियत से मतलब है।

