इंदौर, दिनांक 10 जून 2026: महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव एवं आयुक्त श्री क्षितिज सिंघल के निर्देशानुसार नगर निगम इंदौर द्वारा शहर की प्राचीन एवं ऐतिहासिक बावड़ियों एवं कुओं के संरक्षण, पुनरुद्धार एवं सौंदर्यीकरण का कार्य लगातार किया जा रहा है। इसी क्रम में सदर बाजार स्थित होलकर कालीन ऐतिहासिक भूत बावड़ी की व्यापक साफ-सफाई, रंग-रोगन, संरचनात्मक सुधार तथा सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक रेलिंग कार्य कराया गया। पुनरुद्धार कार्य पूर्ण होने के पश्चात बावड़ी परिसर को सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ते हुए यहां विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
इसी श्रृंखला में दिनांक 7 जून 2026 को जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत नगर निगम इंदौर एवं कारवां इंडिया हेरिटेज ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में ऐतिहासिक भूत बावड़ी परिसर में "जश्न-ए-इंदौर" नामक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य शहर की ऐतिहासिक धरोहरों को जनसामान्य से जोड़ना, जल संरचनाओं के संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा इंदौर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना था।
कार्यक्रम में देशभर में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके और " इंडियाज़ गॉट टैलेंट" के सेमीफाइनलिस्ट रहे "ब्लेसिंग ब्लूम औरा" शास्त्रीय म्यूजिकल ग्रुप द्वारा भारतीय शास्त्रीय संगीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया गया। शहर के प्रख्यात इतिहासकार श्री ज़फ़र अंसारी ने भूत बावड़ी एवं इंदौर की ऐतिहासिक धरोहरों से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों एवं इतिहास की जानकारी साझा की। वहीं कथक नृत्यांगनाओं वंशिका एवं तान्या ने अपनी आकर्षक एवं मनमोहक प्रस्तुतियों से भारतीय शास्त्रीय नृत्य की सुंदरता का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में युवा पीढ़ी के बीच लोकप्रिय कवि पलाश ने अपनी कविताओं एवं रचनाओं के माध्यम से इंदौर की संस्कृति, विरासत और सामाजिक मूल्यों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
विशेष बात यह रही कि जिस ऐतिहासिक बावड़ी को वर्षों से "भूत बावड़ी" के नाम से जाना जाता रहा और जहां जाने से भी लोग कतराते थे, उसी बावड़ी परिसर में रविवार को भारतीय शास्त्रीय संगीत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और साहित्यिक अभिव्यक्तियों की मधुर गूंज सुनाई दी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों, युवाओं, कला प्रेमियों एवं इतिहास में रुचि रखने वाले लोगों ने सहभागिता कर ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

.webp)
.webp)
.webp)