भोपाल, 12 जून 2026: ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों तक सरकारी योजनाओं की पहुँच सुनिश्चित करने और उन्हें सीधे लाभ पहुँचाने के उद्देश्य से भोपाल जिले में 12 जून से 18 जून 2026 तक विशेष 'जनकल्याण शिविरों' का आयोजन किया जा रहा है। कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा के निर्देशों पर आयोजित ये शिविर जनपद पंचायत फंदा एवं बैरसिया के विभिन्न ग्रामों में तिथिवार आयोजित किए जाएंगे।
वंचित हितग्राहियों को मिलेगा प्राथमिकता से लाभ इन शिविरों का मुख्य लक्ष्य केंद्र और राज्य शासन की प्रमुख हितग्राही मूलक योजनाओं से उन पात्र व्यक्तियों को जोड़ना है, जो किन्हीं कारणों से अब तक वंचित रह गए हैं। विभागीय मैदानी अमले के माध्यम से ऐसे पात्र हितग्राहियों की पहचान की जाएगी और शिविर स्थल पर ही उनका पंजीयन, स्वीकृति एवं लाभ वितरण का कार्य प्राथमिकता से पूरा किया जाएगा।
जनपद पंचायतवार शिविरों का कार्यक्रम और स्थान:
प्रशासन द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, सभी शिविर प्रातः 10:00 बजे से सायं 05:00 बजे तक आयोजित किए जाएंगे:
जनपद पंचायत फंदा:
12 जून: तहसील कार्यालय कोलार (ग्राम पंचायत कालापानी)।
13 जून: पंचायत भवन प्रांगण, ग्राम पंचायत परवलियासड़क।
17 जून: मांगलिक भवन, ग्राम पंचायत तूम्डा।
जनपद पंचायत बैरसिया:
14 जून: पंचायत भवन प्रांगण, ग्राम पंचायत धमर्रा।
16 जून: पंचायत भवन प्रांगण, ग्राम पंचायत सोहाया।
18 जून: पंचायत भवन प्रांगण, ग्राम पंचायत रूनाहा।
स्वच्छ भारत मिशन और त्वरित निराकरण पर ज़ोर विशेष रूप से, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत व्यक्तिगत पारिवारिक शौचालयों के लिए पात्र हितग्राहियों से आवेदन प्राप्त कर उनके पंजीकरण और निराकरण की प्रक्रिया भी इन शिविरों में पूरी की जाएगी। पारदर्शिता और त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित करने के लिए, अभियान के दौरान प्राप्त सभी आवेदनों को सीएम हेल्पलाइन पोर्टल के माध्यम से दर्ज किया जाएगा।


.webp)