BHOPAL NEWS - पुलिस आरक्षक की सांची रोड एक्सीडेंट में मौत, डेली अप डाउन करते थे

विदिशा से ड्यूटी कर भोपाल लौट रहे आरक्षक की कार को सांची के नजदीक तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में आरक्षक की मौत हो गई। जबकि कार में सफर कर रहे उसके दो साथी घायल हो गए। दोनों घायलों को जिला अस्पताल विदिशा में भर्ती कराया गया है। भोपाल पुलिस ने मर्ग दर्ज कर डायरी सांची पुलिस को भेज दी है।

ड्यूटी पूरी करने के बाद विदिशा से भोपाल के लिए रवाना हुए थे

विदिशा जीआरपी में पदस्थ आरक्षक मनोज कुमार ने बताया कि सोनू शर्मा भोपाल के खजानकी बाग में रहते हैं। वह जीआरपी विदिशा में आरक्षक के पद पर पदस्थ है। गुरुवार रात करीब 10:30 बजे ड्यूटी पूरी कर वह अपने साथी उदयवीर और लक्ष्मण के साथ कार से भोपाल लौट रहा था। सोनू की कार जब सांची के नजदीक पहुंची, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने कार को टक्कर मार दी।

हादसे में आरक्षक सोनू शर्मा और उसके साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को इलाज के लिए जिला अस्पताल विदिशा भेजा गया। यहां डॉक्टर्स ने मेडिकल जांच के बाद सोनू शर्मा को भोपाल के हमीदिया अस्पताल रैफर किया था। बकौल मनोज कुमार, सोनू शर्मा, जिस कार में सफर कर रहे थे, वह कार विदिशा जीआरपी थाना प्रभारी की है।

सांची से भोपाल के बीच सोनू की मौत

इलाज के लिए सांची से भोपाल रैफर हुए सोनू शर्मा को हमीदिया अस्पताल के डॉक्टर्स ने मेडिकल जांच के बाद गुरुवार-शुक्रवार की दरम्यानी रात मृत घोषित कर दिया। हमीदिया अस्पताल के डॉक्टर्स ने सोनू को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे अटेडेंट को बताया कि मरीज की करीब आधा घंटे पहले मौत हो चुकी है। इसके साथ कोहेफिजा पुलिस को आरक्षक सोनू शर्मा की मौत की सूचना दी। इस पर पुलिस ने मर्ग दर्ज किया है।

सोनू के सिर से हो रही थी ब्लीडिंग

विदिशा जीआरपी में पदस्थ आरक्षक मनोज कुमार ने बताया कि सोनू कार में आगे ड्राइवर के बगल से बैठा हुआ था। ट्रक की टक्कर से सोनू के सिर से खून का फव्वारा फूट गया। विदिशा जिला अस्पताल में डॉक्टर्स ने सोनू को फर्स्ट एड दिया था। बावजूद इसके उसके सिर से ब्लीडिंग बंद नहीं हो रही थी। इसके चलते डॉक्टर्स ने सोनू को भोपाल के हमीदिया अस्पताल रैफर किया था।

दो साल पहले आरक्षक पद पर हुई थी अनुकंपा नियुक्ति

सोनू शर्मा के बहनोई राजीव चौबे ने बताया कि ससुर अयोध्या प्रसाद शर्मा रेलवे में सीनियर आरक्षक थे। तीन साल पहले हार्ट अटैक से उनकी मृत्यु हो गई थी। दो साल पहले उन्हीं के स्थान पर सोनू शर्मा की आरक्षक पद पर अनुकंपा नियुक्ति हुई थी। सोनू अपनी ड्यूटी के लिए रोजाना भोपाल से विदिशा जाता था। गुरुवार को भी वह सामान्य दिनों की तरह ड्यूटी से भोपाल लौट रहा था, तभी रास्ते में हुए हादसे में उसकी मौत हो गई।

चार बहनों का इकलौता भाई था सोनू

राजीव चौबे ने बताया कि चार बहनों में सोनू इकलौता भाई था। उससे बड़ी दो बहनों की शादी हो चुकी है। दो बहनों और मां सरोज शर्मा के साथ वह भोपाल के खजानकी बाग में रहता था। बकौल राजीव, सोनू की बड़ी बहन नेहा शर्मा, यूपी पुलिस में सब इंस्पेक्टर हैं। जबकि सबसे छोटी बहन मुस्कान पढ़ाई कर रही हैं। 

विनम्र अनुरोध 🙏कृपया हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें। सबसे तेज अपडेट प्राप्त करने के लिए टेलीग्राम चैनल सब्सक्राइब करें एवं हमारे व्हाट्सएप कम्युनिटी ज्वॉइन करें। इन सबकी डायरेक्ट लिंक नीचे स्क्रॉल करने पर मिल जाएंगी। भोपाल के महत्वपूर्ण समाचार पढ़ने के लिए कृपया स्क्रॉल करके सबसे नीचे POPULAR Category में Bhopal पर क्लिक करें।
Tags

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !