मंत्री के भतीजे ने माइक से पुलिस को धमकाया और पुलिस लौट गई, सुबह पता चला वो तो नकली था- MP NEWS

राजगढ़।
मध्य प्रदेश में कानून, पहचान के हिसाब से काम करता है। रात 2:00 बजे डीजे बंद कराने आई पुलिस को मंत्री के नकली भतीजे ने माइक के माध्यम से सारी जनता के सामने जमकर हड़काया। क्योंकि मंत्री का नाम लिया जा रहा था इसलिए कानून ने अपना काम नहीं किया और पुलिस वापस लौट गई। सुबह जब पता चला कि धमकाने वाला व्यक्ति मंत्री जी का भतीजा नहीं है तो FIR दर्ज कर ली गई। 

अश्विनी सिंह सिसोदिया की बारात में हुआ हंगामा

किस्सा मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के सबसे बड़े शहर पचोर का है। राजेंद्र सिंह कि बेटी अंजली कंवर के विवाह संस्कार हेतु गुना के ख्यावद से दृगपालसिंह सिसोदिया के बेटे अश्विनी सिंह सिसोदिया की बारात आई थी। इसी बारात में उदय राज सिंह सिसोदिया भी शामिल था। पुलिस ने बताया कि रात 2:00 बजे तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा था। जब पुलिस नियम अनुसार डीजे बंद कराने पहुंची तो डीजे के माइक से उदय राज सिंह सिसोदिया ने सबके सामने पुलिस को धमकाया। 

उदयराज सिंह सिसोदिया ने माइक से पुलिस को धमकाया

एक वीडियो वायरल हुआ है जिसमें सुनाई दे रहा है, उदयराज सिंह सिसोदिया खुद यहां बैठा है। बुलाओ TI को…कौन है यहां का TI। लगाओ फोन उसे। सरकार हमारी है। शासन हम हैं..प्रशासन हम हैं। बोल दो TI को पंचायत मंत्री का भतीजा बैठा है यहां, जो उखाड़ना है उखाड़ लो। फर्जी नहीं हैं, ऑरिजनल हैं हम। 

असलियत पता चली तो नियमानुसार कार्रवाई हो गई

माइक से पंचायत मंत्री के भतीजे की धमकी सुनकर पुलिस चुपचाप वापस लौट गई। स्थानीय समाचार माध्यमों से पता चला है कि दूसरे दिन राजगढ़ जिले के एसपी प्रदीप शर्मा ने पंचायत मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया को इस घटना की जानकारी दी। पंचायत मंत्री ने स्पष्ट किया कि उदयराज सिंह सिसोदिया नाम का उनका कोई भतीजा नहीं है। छानबीन की तो पता चला कि वह तो किसान कांग्रेस के जिला अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह का भतीजा है। बस फिर क्या था, नियमानुसार कार्रवाई हो गई। पचोर पुलिस थाने में FIR दर्ज कर ली गई है। मध्य प्रदेश की महत्वपूर्ण खबरों के लिए कृपया MP NEWS पर क्लिक करें.
भोपाल समाचार से जुड़िए
कृपया गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें यहां क्लिक करें
टेलीग्राम चैनल सब्सक्राइब करने के लिए यहां क्लिक करें
व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए  यहां क्लिक करें
X-ट्विटर पर फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें
फेसबुक पर फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें
समाचार भेजें editorbhopalsamachar@gmail.com
जिलों में ब्यूरो/संवाददाता के लिए व्हाट्सएप करें 91652 24289

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!