शिवराज सिंह चौहान का कर्मचारियों के प्रमोशन से संबंधित बयान - MP NEWS

भोपाल
। साल 2018 में 'कोई माई का लाल' कहकर मध्यप्रदेश में शासकीय कर्मचारियों की प्रमोशन प्रक्रिया रोकने वाले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस विषय में एक नया बयान दिया है। उनका कहना है कि शासकीय सेवकों की पदोन्नति का सर्वसम्मत समाधान शीघ्र ही निकाला जाएगा। 

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंत्रालयीन कर्मचारी संघ के नव वर्ष मिलन समारोह में

मुख्यमंत्री श्री चौहान आज मंत्रालयीन कर्मचारी संघ द्वारा मंत्रालय वल्लभ भवन प्रांगण में आयोजित नववर्ष मिलन समारोह में कर्मचारियों को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री चौहान का मंत्रालयीन कर्मचारी संघ ने अभिनंदन भी किया। इस दौरान संघ के अध्यक्ष श्री सुधीर नायक, श्री शिव चौबे, श्री आलोक वर्मा, श्री राजकुमार पटेल आदि उपस्थित थे। सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री विनोद कुमार भी उपस्थित थे।

मध्य प्रदेश में कर्मचारियों के रुके हुए लाभ कब मिलेंगे 

सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कोरोना के कारण प्रदेश की अर्थव्यवस्था ध्वस्त हो गई थी, जो अब धीरे-धीरे सुधर रही है, आर्थिक स्थिति बेहतर होते ही सभी शासकीय सेवकों को उनके रूके हुए पूरे लाभ मिलेंगे।

कर्मचारी सरकार के अभिन्न अंग

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कर्मचारी, सरकार के अभिन्न अंग हैं तथा शासन की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं तथा कार्यक्रमों का क्रियान्वयन कर्मचारियों के माध्यम से ही होता है। आत्मनिर्भर म.प्र. का रोडमैप तैयार है। नए वर्ष में हम सब संकल्प लें कि इसे तेजी से क्रियान्वित कर म.प्र. को आत्मनिर्भर तथा देश में अग्रणी बनाएंगे।

सीएम शिवराज सिंह ने मध्य प्रदेश को कोरोना से बचाया: कर्मचारी संघ

कर्मचारी संघ के अध्यक्ष श्री सुधीर नायक ने कहा कि यह प्रदेश का सौभाग्य है कि कोरोना काल में श्री शिवराज सिंह चौहान प्रदेश के मुख्यमंत्री बने। श्री चौहान ने अपनी कुशल प्रशासनिक क्षमता से दिन-रात काम करते हुए प्रदेश को कोरोना के संकट से बचाया है।

कर्मचारियों की सभी जायज मांगे पूरी होंगी: सीएम शिवराज सिंह

मुख्यमंत्री श्री चौहान से कर्मचारियों ने रूकी हुई पदोन्नति करने, रुका हुआ महंगाई भत्ता और वेतन वृद्धि देने, कर्मचारियों के लिए स्वास्थ्य बीमा लाभ तथा सभी कर्मचारियों को 03 उच्चतर वेतनमान दिए जाने की मांग की। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने आश्वस्त किया कि कर्मचारियों की सभी जायज मांगें पूरी की जाएंगी। 

स्वास्थ्य सतर्कता केन्द्र का शुभारंभ किया

प्रारंभ में मुख्यमंत्री श्री चौहान ने मंत्रालय में मंत्रालयीन कर्मचारी संघ द्वारा बनाए गए स्वास्थ्य सतर्कता केन्द्र का शुभारंभ किया। इस केन्द्र में स्वास्थ्य जांच के लिए ऑक्सीमीटर, बी.पी. मशीन, ग्लूकोमीटर, वेपराइजर, थर्मल स्कैनर आदि रखे गए हैं।


#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !