इंदौर। मध्य प्रदेश पुलिस के आरक्षक अजय अस्तेय के खिलाफ उज्जैन में बलात्कार का मामला दर्ज हुआ है। आरोप है कि आरक्षक अजय ने UPSC की तैयारी कर रही एक लड़की को झूठे प्यार में फंसा कर शारीरिक संबंध बनाए और चरित्र हीनता का लांछन लगाकर छोड़ दिया। पुलिस ने आरक्षक अजय अस्तेय को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार लड़की ने अपनी शिकायत में बताया है कि वह उन्हेल की रहने वाली है। उज्जैन में वह न्यू अशोकनगर कॉलोनी में किराए के मकान में रहकर सिविल सर्विसेज की तैयारी कर रही है। पुलिस लाइन में पदस्थ सिपाही अजय अस्तेय उसके पड़ोस में रहता है। इसलिए उससे परिचय हो गया। आपस में बातचीत हुई और एक-दूसरे को पसंद करने लगे। शिकायतकर्ता लड़की के अनुसार अजय ने उसे शादी के लिए प्रपोज किया और फिर शारीरिक संबंध बनाए। 3 साल तक लगातार दोनों के बीच फिजिकल रिलेशन बनते रहे। जब भी मैं उससे शादी के लिए कहती तो वह बहाने बनाता। बोलता- तुम अभी पढ़ाई करो। शादी बाद में करेंगे।
लड़की ने बताया कि शुक्रवार की शाम को उसे पता चला कि अजय की सगाई किसी दूसरी लड़की से हो रही है। तब अजय से कहा कि तुमने मुझसे शादी का वादा किया है। मेरे साथ शारीरिक संबंध बनाए हैं। इस पर अजय ने मेरे साथ गाली-गलौज और मारपीट की। मुझे चरित्रहीन बोला।
शिकायत प्राप्त होने के बाद एसपी सत्येंद्र कुमार शुक्ल ने सीएसपी पल्लवी शुक्ला को जांच के आदेश दिए। प्रारंभिक जांच में आरक्षक अजय अस्तेय दोषी पाया गया। इधर, अजय अपने खिलाफ हुए केस से अनजान था। वह नागझिरी में एक शादी में गया था। अजय जब शादी से लौट रहा था तो नागझिरी चौराहे पर रात में उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

