दिग्विजय सिंह सहित मध्य प्रदेश के कई कांग्रेस मंत्री और नेता बेंगलुरु में गिरफ्तार | NATIONAL NEWS

Madhya Pradesh political crisis: Digvijay Singh arrest in Bengaluru with Congress leaders 

भोपाल। मध्य प्रदेश में राजनीतिक उठापटक का नाटक का कर्नाटक में शुरू हो गया है। कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं विधायक कांतिलाल भूरिया, मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, मंत्री सचिन यादव सहित कई कांग्रेस नेताओं को बेंगलुरु में गिरफ्तार कर लिया गया। यह सभी बंगलुरु के एक रिसॉर्ट में रुके हुए कांग्रेस के उन विधायकों से मिलने गए थे, जिन्होंने इस्तीफे भेजे हैं। कांग्रेस नेताओं के अनुसार उनके विधायकों को बेंगलुरु में बंधक बनाकर रखा गया है। 

मिलने नहीं दिया गया तो होटल के बाहर धरने पर बैठ गए

कांग्रेस नेता दिग्जिवय सिंह बेंगलुरु में मौजूद विधायकों से मिलने पहुंचे और जब उन्हें मिलने नहीं दिया गया तो होटल के बाहर धरने पर बैठ गए। इसके बाद पुलिस ने इन्हें हिरासत में ले लिया और पास के थाने अमृताहल्ली पुलिस स्टेशन में लेकर पहुंची। कर्नाटक पुलिस ने मध्य प्रदेश कांग्रेस के सभी नेताओं को निवारक (प्रिवेंटिव) गिरफ्तारी के तहत रखा गया है। मध्य प्रदेश कांग्रेस के नेताओं के साथ कर्नाटक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डीके शिवकुमार भी है। पुलिस हिरासत में दिग्विजय सिंह ने कहा कि वह भूख हड़ताल पर हैं क्योंकि उन्हें अपने विधायकों से मिलने नहीं दिया जा रहा है। 

कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डी.के. शिवकुमार ने कहा राज्य में भाजपा सरकार सत्ता का दुरुपयोग कर रही है। हमारी अपनी राजनीतिक रणनीति है, हम जानते हैं कि स्थिति को कैसे संभालना है। वह (दिग्विजय सिंह) यहाँ अकेला नहीं है। मैं यहाँ हूं। मुझे पता है कि उसे कैसे सपोर्ट करना है। 

मैंने खुद 5 विधायकों से बात की उन्होंने कहा कि वे बंदी हैं

कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा मैंने खुद 5 विधायकों से बात की उन्होंने कहा कि वे बंदी हैं, उनके फोन छीन लिए गए, हर कमरे के सामने पुलिस है। उन्हें 24/7 फॉलो किया जा रहा है। भाजपा फ्लोर टेस्ट के लिए कह रही है लेकिन 22 विधायकों के बिना फ्लोर टेस्ट कैसे हो सकता है? 

कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा मैंने कहा मैं गांधीवादी आदमी हूं मेरे पास न बम है, न पिस्तौल है, न हथियार है, न रायफल है। मुझे अकेले ले जाएं उनसे मिलवा दें। मुझे संतुष्टि हो जाएगी मैं वापिस चला जाऊंगा। 

कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा मैं मध्य प्रदेश से राज्यसभा का उम्मीदवार हूं, 26 मार्च को मतदान होना है।मेरे 22 विधायक यहां रोके हुए हैं। वो लोग मुझसे बात करना चाहते हैं। उनके फोन छीन लिए गए हैं। पुलिस वाले उनसे बात भी नहीं करने दे रहे हैं कहते हैं कि इनकी सुरक्षा को खतरा है। 

मध्य प्रदेश कांग्रेस के नेता दिग्विजय सिंह आज सुबह बेंगलुरू पहुंचे। उनका स्वागत कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डी.के. शिवकुमार ने किया। मध्य प्रदेश के 21 कांग्रेस विधायक वर्तमान में शहर के रमाडा होटल में ठहरे हुए हैं। कर्नाटक के नेताओं से मुलाकात के बाद दिग्विजय सिंह सीधे रमाडा होटल की तरफ चले गए। यहां वह कांग्रेस विधायकों से मिलना चाहते थे। पुलिस ने उन्हें रोका तो धरने पर बैठ गए।

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !