भाजपा नेता पवन जैन गिरफ्तार, नकली घी बनाने का आरोप | KHARGONE MP NEWS

सनावद (खरगोन)। पुनासा रोड स्थित भाजपा नेता और पार्षद पति पवन गोधा जैन को स्वयं के गोदाम में नकली घी बनाते हुए पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस प्रशासन व खाद्य विभाग ने संयुक्त रूप से रविवार दोपहर यह कार्रवाई की।

पुलिस थाना प्रभारी राजेंद्र सोनी ने बताया कि जूनापानी के पास खेत स्थित गोदाम में नकली घी बनाने की सूचना मिली थी। इस पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी नीरज श्रीवास्तव व नरसिंह सोलंकी को सूचना देकर खरगोन से बुलाया गया। पुलिस ने खाद्य विभाग के अधिकारियों के साथ गोदाम पहुंचकर छापा मारा।

यहां मौके पर संचालक पवन मदनलाल गोधा जैन घी बनाते पाए गए। अधिकारियों को करीब 104 डिब्बे बिना लेबल के मिले। इसमें करीब 69 डिब्बे कच्चा माल पाया गया। इन डिब्बों में नेचुरल फ्रेश के नाम से पदार्थ भरा हुआ था। इस कच्चे माल की प्रोसेसिंग कर घी तैयार किया जा रहा था।

डिब्बों से जांच के लिए अलग-अलग सैंपल लिए हैं। अदिति कुकिंग मीडियम के नाम से बने स्टीकर व पैकिंग कार्टन भी जब्त किए हैं। गोधा 14 अक्टूबर को न्यायालय में पेश किया जाएगा। बताया जाता है कि दीपोत्सव के चलते यह घी तैयार किया जा रहा था। इसे 1600 रुपए प्रति डिब्बे के हिसाब से बाजार में बेचा जाता है। एक डिब्बे में 15 किलो घी आता है।

जबरन फंसाया गया

उधर पवन गोधा ने बताया कि उनके पास कुकिंग मीडियम ऑइल बनाने का लाइसेंस है। वे नकली घी नहीं बना रहे थे। उन्हें जबरन फंसाया गया है।

इनका कहना है

मिलावट खोरों और जन स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। -तुलसी सिलावट, स्वास्थ्य मंत्री, मध्यप्रदेश

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !