AMIT SHAH: उमरिया बाइक रैली में शामिल होंगे | MP NEWS

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी 2 मार्च को देश भर में विजय संकल्प 2019 बाइक महारैली का आयोजन कर रही है, जिसका शुभारंभ उमरिया से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह बाइक महारैली में शामिल होकर करेंगे। प्रदेश की 230 विधानसभाओं में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में युवा मोर्चा के कार्यकर्ता बाइक रैली निकालकर मिशन मोदी अगेन के लिए जुटेंगे। प्रदेश भर में विजय संकल्प 2019 बाइक महारैली की तैयारियों को लेकर युवा कार्यकर्ताओं ने उत्साह का माहौल है।

तय कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह 2 मार्च को प्रातः 10.45 बजे उमरिया पहुंचेंगे। प्रातः 11 बजे अमर शहीद स्टेडियम में विशाल आमसभा को संबोधित कर विजय संकल्प 2019 बाइक महारैली का शुभारंभ करेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष जी के साथ पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री राकेश सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान सहित वरिष्ठ नेता उपस्थित रहेंगे। उमरिया में राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह जी के आगमन को लेकर भव्य तैयारियां हो चुकी है। उमरिया के चौक चौराहे सजाएं गए है। उमरिया भगवामय हो चुका है।

युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री अभिलाष पाण्डे ने बताया कि 2 मार्च को प्रदेश की सभी 230 विधानसभाओं में विजय संकल्प 2019 बाइक महारैली निकलेगी। उमरिया से देश भर के युवाओं को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह जी संबोधित कर मिशन मोदी अगेन के लिए जुट जाने का आव्हान करेंगे। उन्होंने कहा कि यह मध्यप्रदेश का सौभाग्य है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जी ने देश भर में होने वाली बाइक महारैली के शुभारंभ का अवसर मध्यप्रदेश को दिया है। यह प्रदेश के युवाओं के लिए गौरव की अनुभूति है। उन्होंने कहा कि पार्टी के केन्द्रीय नेतृत्व ने मध्यप्रदेश के युवाओं पर जो विश्वास व्यक्त किया है। 29 लोकसभाएं जीतकर युवा मोर्चा के कार्यकर्ता विश्वास पर खरा उतरेंगे।

पूरे प्रदेश में कहां क्या होगा

भोपाल के सभी विधानसभाओं में बाइक रैली निकलेगी। जिसमें पार्टी के विधायक एवं वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। मध्य विधानसभा में निकलने वाली विजय संकल्प 2019 बाइक रैली में केन्द्रीय मंत्री श्री नरेन्द्रसिंह तोमर शामिल होंगे। बाइक रैली इतवारा से प्रारंभ होकर मंगलवारा, जिंसी चौराहा, जेल पहाडी होते हुए 7 नं. चौराहा पहुंचेगी। यहां रैली का समापन होगा। इंदौर में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव श्री कैलाश विजयवर्गीय विधानसभा क्रमांक 1 में बड़ा गणपति विंध्याचल नगर से बाइक रैली की शुरूआत करेंगे। विधानसभा में भ्रमण कर बाइक रैली पुनः बड़ा गणपति पहुंचेगी। जिले की सभी विधानसभाओं में पार्टी के वरिष्ठ नेता रैली में शामिल होंगे। 

टीकमगढ़ विधानसभा में आयोजित बाइक महारैली में केन्द्रीय मंत्री श्री वीरेन्द्र कुमार खटीक सम्मिलित होंगे। बैतूल में राष्ट्रीय मंत्री श्रीमती ज्योति धुर्वे, महू में पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष सुश्री उषा ठाकुर, हुजूर में श्री रामेश्वर शर्मा, प्रदेश मंत्री सुश्री कविता पाटीदार, नीमच में प्रदेश महामंत्री श्री बंशीलाल गुर्जर, आगर में प्रदेश महामंत्री श्री मनोहर उंटवाल, चुरहट में प्रदेश मंत्री श्री सरतेन्दु तिवारी, विदिशा में प्रदेश मंत्री श्री पकंज जोशी, बैतूल में प्रदेश प्रवक्ता व सांसद श्री चिंतामणि मालवीय, बैरसिया में प्रदेश प्रवक्ता व सांसद श्री आलोक संजर, आष्टा श्री राहुल कोठारी, रैगांव में युवा मोर्चा के राष्ट्रीय मंत्री श्री गौरव तिवारी कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। इसी प्रकार प्रत्येक विधानसभा में पार्टी के विधायकगण एवं गत चुनाव के विधानसभा प्रत्याशी, जनप्रतिनिधि एवं पार्टी के पदाधिकारीगण विजय संकल्प 2019 बाइक महारैली में शामिल होंगे।

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !