MP BJP: सभी प्रमुख नेता दिल्ली रवाना, कार्यक्रम रद्द

भोपाल। पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटलबिहारी वाजपेयी जी के निधन की खबर से भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश में शोक व्याप्त हो गया। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह जी की जन आशीर्वाद यात्रा सहित विधानसभा सम्मेलन और प्रदेश अध्यक्ष श्री राकेश सिंह जी के जिला प्रवास जैसे सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं। इसके साथ ही प्रदेश भर के लगभग सभी प्रमुख नेता दिल्ली रवाना हो गए हैं। अटलजी का स्वास्थ्य अत्यधिक बिगड़ने की सूचना मिलते ही आज दोपहर मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान तथा संगठन महामंत्री श्री सुहास भगत दोपहर में दिल्ली रवाना गए। प्रदेश अध्यक्ष राकेशसिंह जी भी अपने सभी कार्यक्रम छोड़कर दिल्ली पहुंचे।

अटल जी का जाना वैश्विक क्षति: राकेश सिंह
पूर्व प्रधानमंत्री अटलबिहारी वाजपेयी जी के निधन पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री राकेश सिंह ने गहरा शोक जताया है। उन्होंने कहा है कि मध्यप्रदेश के लाड़ले सपूत श्री अटलबिहारी वाजपेयी जी ने अपने सर्वग्राही और सर्वस्पर्शी व्यवहार से न सिर्फ भारत में बल्कि देश की सीमाओं से परे विश्व में अपना एक आदरणीय स्थान बनाया था। राष्ट्र के प्रति उनकी निष्ठा और समर्पण की स्पष्टता के चलते उन्हें दुनिया में मान मिला। उनके कृतित्व के कारण ही भारत का सम्मान विश्व में शिखर पर पहुंचा था। भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों की वैश्विक स्थापना की दिशा में उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकेगा। उनके चले जाने से आज ऐसा लग रहा है, जैसे परिवार में सबकी चिंता करने वाले पिता का साया सिर से उठ गया हो।

कुशल संगठक, आदर्श स्वयंसेवक खोया: भगत
प्रदेश संगठन महामंत्री श्री सुहास भगत ने शोक व्यक्त करते हुए कहा है कि अटल जी के रूप में हमने एक आदर्श स्वयंसेवक और कुशल संगठक को खो दिया है। अटल जी ने कभी भी मूल्यों से समझौता नहीं किया। विचार की दृढ़ता के कारण सरकार को भी तिलांजलि देने में उन्होंने हिचक नहीं की। आज भारतीय जनता पार्टी का जो विराट स्वरूप दिखाई दे रहा है, उसमें अटल जी की इच्छाशक्ति और आत्मविश्वास के योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। हम सभी उनके द्वारा निर्धारित किए गए मापदंडों पर चलकर ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि दे सकते हैं।

अद्भुत विद्धता के धनी थे अटल जी: माथुर
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता श्री भगवतशरण माथुर ने अटलजी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय राजनीति में अटलजी जैसे का होना भारत माता की विशेष कृपा से ही संभव हो सकता है। उन्होंने अपने ज्ञान और पराक्रम से सारे विश्व में भारत का लोहा मनवाया वे अदभुत विद्धता के धनी थे। उनके मार्गदर्शन में भारतीय जनता पार्टी ने लंबी और गौरवपूर्ण यात्रा की है।
मध्यप्रदेश और देश की प्रमुख खबरें पढ़ने, MOBILE APP DOWNLOAD करने के लिए (यहां क्लिक करेंया फिर प्ले स्टोर में सर्च करें bhopalsamachar.com

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !