आंध्रप्रदेश में अमित शाह के काफिले पर पथराव, लगे go back के नारे

Bhopal Samachar
नई दिल्ली। तेगुलुदेशम पार्टी कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को अमित शाह के आंध्र प्रदेश दौरे का विरोध किया। कर्नाटक में 12 मई को वोटिंग से पहले भाजपा अध्यक्ष भगवान वेंकटेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए तिरुपति पहुंचे थे। एयरपोर्ट लौटते वक्त कुछ लोगों ने राज्य के लिए स्पेशल पैकेज की मांग को लेकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने 'AMIT SHAH GO BACK' के नारे लगाए और उनके काफिले पर पथराव भी किया। इस दौरान भाजपा और टीडीपी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प भी हुई। घटना के बाद टीडीपी प्रमुख चंद्रबाबू नायडू ने कार्यकर्ताओं को फटकार लगाई है।

चंद्रबाबू नायडू ने की घटना की निंदा

न्यूज एजेंसी के मुताबिक, मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने घटना की निंदा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं को चेतावनी देते हुए कहा, ''पार्टी कार्यकर्ताओं की अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं करेंगे। ऐसी घटनाएं दोबारा नहीं होनी चाहिए। इनसे पार्टी की छवि खराब होती है। टीडीपी नेता और कार्यकर्ता अनुशासन में रहें। आंध्र के लिए हमारे संघर्ष में झगड़े और तनाव की कोई जगह नहीं।''

ये असामाजिक तत्वों का काम: उपमुख्यमंत्री

दूसरी ओर, आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री (गृह) एन. चिना राजाप्पा ने कहा कि कुछ अज्ञात असामाजिक तत्वों ने अमित शाह के काफिले पर पत्थर फेंके हैं। हालांकि, इस दौरान शाह की गाड़ी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। उनके पीछे चल रही एक कार पर पत्थर लगा। हम नहीं जानते हैं कि असामाजिक तत्व खुद को टीडीपी कार्यकर्ता बताकर ऐसा कर रहे हैं। ऐसे लोगों पर कड़ी कार्रवाई करेंगे।

BJP ने हमले के बाद शिकायत दर्ज कराई

तिरुपति (ग्रामीण) के पुलिस अधीक्षक अभिषेक मोहंती ने बताया कि पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों की बारीकी से पड़ताल कर रही है। इस मामले में भाजपा नेताओं की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई है। अभी हमें केवल शुरुआती जानकारी मिली है।

कर्नाटक चुनाव से पहले तिरुपति मंदिर पहुंचे शाह

अमित शाह पिछले एक महीने से कर्नाटक में विधानसभा चुनाव के प्रचार में जुटे थे। कर्नाटक की 224 सीटों के लिए 12 मई को वोटिंग होगी। नतीजे 15 तारीख को आएंगे। मतदान से पहले शुक्रवार सुबह भाजपा अध्यक्ष तिरुपति पहुंचे। यहां भगवान वेंकटेश्वर मंदिर में दर्शन किए। एयरपोर्ट लौटते वक्त प्रदर्शनकारियों ने उनके काफिले पर पथराव किया।

स्पेशल पैकेज की मांग पर TDP ने NDA छोड़ा

बता दें कि आंध्र प्रदेश के लिए विशेष पैकेज की मांग पर कुछ महीने पहले टीडीपी ने एनडीए से अलग होने का फैसला किया था। आंध्र में सत्तारूढ़ पार्टी ने आरोप लगाया था कि मोदी सरकार राज्य के विकास के लिए अपने वादों को पूरा नहीं कर रही है। इसके बाद अमित शाह ने चंद्रबाबू नायडू को लेटर लिखा था। जिसमें उन्होंने कहा था कि टीडीपी ने कोई बात किए बगैर गठबंधन छोड़ने का एकतरफा फैसला कर लिया।
भोपाल समाचार से जुड़िए
कृपया गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें यहां क्लिक करें
टेलीग्राम चैनल सब्सक्राइब करने के लिए यहां क्लिक करें
व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए  यहां क्लिक करें
X-ट्विटर पर फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें
Facebook पर फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें
समाचार भेजें editorbhopalsamachar@gmail.com
जिलों में ब्यूरो/संवाददाता के लिए व्हाट्सएप करें 91652 24289

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!