आंधी-तूफान में 50 मौतें, सैंकड़ों घायल, पसरी तबाही

नई दिल्ली। भारत के उत्तर से लेकर दक्षिणी और पूर्व से लेकर पश्चिमी हिस्सों में आंधी और तूफान का कहर बरपा। अब तक 50 लोगों की मौत की पुष्टिठ हो गई है जबकि सैंकड़ों घायल हैं। हालात यह थे कि फ्लाइट्स की आपात लेंडिंग कराकर उन्हे बचाया गया। सड़क पर वाहन चलाना मुश्किल था और रेल यातायात बाधित हुआ। कई पेड़ धराशायी हो गए। लोगों के कच्चे घर हवा में उड़ गए। कुल कितनी संपत्ति का नुक्सान हुआ है, इसका आंकलन करने में काफी वक्त लगेगा। इधर मौसम विभाग ने सोमवार को उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर के कुछ इलाकों में आंधी-तूफान के साथ बारिश की चेतावनी दी है। 

सबसे ज्यादा 18 मौतें उत्तरप्रदेश में हुईं। दिल्ली में 109 किलोमीटर की रफ्तार से आंधी चली। मौसम विभाग ने 50 किलोमीटर प्रति घंटे से चलने की बात कही थी। कई जगह पेड़ और खंभे गिरने से काफी नुकसान हुआ। कुछ देर के लिए तो दिल्ली पूरी तरह से आंधी की चपेट में थी। बिजली बंद कर दी गई थी। मेट्रो ट्रेन थम गईं थीं। संडे होने के कारण लोग शाम को घूमने निकले थे। हजारों लोग आंधी में फंस गए थे। 

14 मई के लिए मौसम विभाग की चेतावनी


मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड के दूरदराज के इलाकों में तेज हवाओं के साथ आंधी और बादल गरजने की चेतावनी दी है। इन इलाकों में 50-70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तरप्रदेश, पश्चिम बंगाल, झारखंड, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, तेलांगना, रायलसीमा, दक्षिण कर्नाटक के आंतरिक इलाकों, तमिलनाडु और पुडुचेरी में तेज हवाओं के साथ आंधी की चेतावनी दी गई है। ओडिशा के दूरदराज के इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट। राजस्थान के कई इलाकों में धूलभरा तूफान उठ सकता है।

1) उत्तर प्रदेश: 12 जिलों में 18 लोगों की मौत, 25 घायल। 37 घर भी क्षतिग्रस्त। 
2) आंध्र प्रदेश: बिजली गिरने से 9 लोगों की मौत, तेलंगाना में भी 03 मरे। 
3) पश्चिम बंगाल: आकाशीय बिजली गिरने से 04 बच्चों सहित 12 लोगों की जान गई। 
4) दिल्ली: 189 पेड़, 40 खंभे और 31 दीवारें गिरीं। हादसों में 2 लोगों की मौत। 
5) गुजरात: शनिवार शाम राजकोट के मोती पनेली में धार्मिक कार्यक्रम में पांडाल गिरने से चार लोगों की मौत।
6) बिहार: छपरा में 2 की मौत।

दिल्ली में फ्लाइट डायवर्ट, रेल ट्रैफिक समेत मेट्रो सेवाएं बाधित


तेज रफ्तार आंधी के चलते दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 70 फ्लाइट जयपुर, अमृतसर, लखनऊ डाइवर्ट करनी पड़ीं। इनमें से नौ की लखनऊ में इमरजेंसी लैंडिंग हुई। साथ ही दिल्ली में 24 फ्लाइट देर से उड़ीं। - पेड़ गिरने और बिजली सप्लाई ठप होने से सड़क और रेल ट्रैफिक बुरी तरह प्रभावित रहे। दिल्ली, मुरादाबाद, गाजियाबाद में 12 से अधिक ट्रेनें कई घंटें फंसी रहीं। दिल्ली में शाम पांच बजे के बाद करीब दो घंटे तक मेट्रो सेवाएं भी बाधित रहीं।

दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब और उत्तरप्रदेश के कई हिस्सों में रविवार शाम तूफान के बाद हुई बारिश ने लोगों को गर्मी से निजात भी दिलाई। दिल्ली में दोपहर में 39.6 डिग्री तापमान था। जो बारिश के दौरान महज आधे घंटे में पारा 14 डिग्री लुढ़ककर 25 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। जिससे लोगो को गर्मी से राहत मिली।

यहां बनी है ट्रफ लाइन


मौसम विशेषज्ञ एसके नायक ने बताया कि हरियाणा से लेकर उत्तर मध्य महाराष्ट्र तक एक नार्थ-साउथ ट्रफ लाइन बनी है। यह भोपाल सहित मप्र के पश्चिमी हिस्से से होकर गुजर रही है। हरियाणा से लेकर नागालैंड तक एक आैर ईस्ट-वेस्ट ट्रफ लाइन बनी है। इनकी वजह से बारिश, गरज-चमक के साथ तेज हवा, ओलावृष्टि और बारिश के आसार हैं।

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !