भोपाल। मध्यप्रदेश में संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों का विरोध प्रदर्शन जारी है। कर्मचारियों की हड़ताल का यह 32वां दिन है। मध्यप्रदेश में यह सबसे लम्बी चलने वाली हड़ताल बन गई है। कर्मचारी नित नए तरीके अपनाकर लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रहे हैं। बैतूल में तो विधिवत श्मशान घाट जाकर अर्थी का अंतिम संस्कार किया गया और शोक भी प्रकट किया गया।
पूर्व विधायक शबनम मौसी संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी संघ अनूपपुर के पंडाल पर उपस्थित होकर सरकार के प्रति विरोध प्रदर्शित किया, संविदा कर्मियों की मांग पर सहमति प्रकट की।
नरसिंहपुर में संविदा नियमितीकरण की खिचड़ी पकाई गई। बता दें कि सीएम शिवराज सिंह ने नियमितीकरण का वादा कर दिया है परंतु हड़ताली कर्मचारियों का कहना है कि शिवराज की घोषणाएं बीरबल की खिचड़ी जैसी होतीं हैं जो कभी पकती ही नहींं।
धार में सीएम शिवराज सिंह का डुप्लीकेट जनसंपर्क के लिए निकला। साथ में तख्तियों पर लिखा था 'घोषणावीर'