
मामला 21 मार्च की रात तकरीबन 2.30 बजे का है। गोरखपुर क्षेत्र में रहने वाली 26 वर्षीय महिला की बहन बुधवार रात रेलवे स्टेशन पर आने वाली थी। जिसे रिसीव करने के लिए महिला का पति अपने दोस्त शनि बबन के साथ स्टेशन गया था लेकिन वहां किसी बात पर महिला के पति का एक व्यक्ति से विवाद हो गया। इसी दौरान जीआरपी वहां आ गई और महिला के पति का शांतिभंग में चालान कर दिया। दोस्त के जेल जाने का फायदा उठाते हुए आरोपी शनि रात में उसके घर पहुंच गया। शनि को दोस्त से बातचीत के दौरान यह बात पहले से ही पता था कि उसके बाहर होने के कारण घर का दरवाजा खुला है। शनि ने दोस्त के घर में घुसते ही उसकी पत्नी से छेड़छाड़ करते हुए दुराचार का प्रयास किया।
आरोपी को धक्का देकर गिराया और बच्चों को लेकर भागी
आरोपी की हरकतें देख महिला सकते में आ गई। उसने शोर मचाने की कोशिश की तो शनि ने उसका मुंह दबा दिया। इसी बीच महिला का दुधमुंहा बच्चा उठ गया और रोने लगा। जिससे आरोपी हड़बड़ा गया। इसी का फायदा उठाते हुए महिला ने उसे जोर से धक्का देकर गिरा दिया और बच्चे को गोद में लेकर घर के बाहर दौड़ लगा दी। महिला ने बाहर जाकर मदद के लिए शोर मचाना शुरू किया तो आरोपी दहशत में भाग निकला। महिला ने गुरुवार की सुबह गोरखपुर थाने में पहुंच कर आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जुलूस निकालते हुए थाने ले गई।