झाबुआ की फेमस लवस्टोरी में आया ट्वीस्ट, दिग्विजय सिंह से ली प्रेरणा | MP NEWS

झाबुआ। 75 वर्षीय वृद्ध और 70 वर्षीय प्रेमिका की फेमस लव स्टोरी में अब एक ट्वीस्ट आ गया है। अब तक पक्का लगने वाला रिश्ता पैसों व शराब के कारण कमजोर होता दिख रहा है। प्रेमी बादू भूरिया ने साफ कर दिया है कि अगर महिला के ससुराल वालों ने साढ़े 3 हजार से ज्यादा रुपए मांगे तो वो भूरीबाई को छोड़ देंगे। ये वो राशि है, जो लगभग 50 साल पहले भूरीबाई के पति ने शादी के समय अपने ससुराल वालों को दी थी। प्रेमिका भूरीबाई ने भी साफ कर दिया है कि पहले पति को शराब पीने के कारण एक साल पहले छोड़ा। अगर बादू ने भी शराब पी तो उसे भी छोड़ देंगी। बादू भूरिया का कहना है कि जब उम्रदराज दिग्विजय सिंह लवमैरिज कर सकते हैं तो वो क्यों नहीं। 

चार दिन पहले जिले के कालीदेवी थाने के परवट गांव से एक रोचक किस्सा सामने आया। गांव के 75 वर्षीय बादू भूरिया पिता अपने साथ 70 साल की भूरी मकवाना को लेकर थाने पहुंचे। यहां दोनों ने बयान दर्ज कराए कि वो प्रेमी-प्रेमिका हैं और साथ रहना चाहते हैं। पुलिस में बयान इसलिए दर्ज करा रहे हैं, ताकि महिला के पति या ससुराल वाले विवाद न करें, लेकिन अब इस रिश्ते में नई बातें सामने आ रही हैं।

अभी तो सब ठीक दिखाई दे रहा है। बादू और भूरी मिलकर खेतों में से कपास बीन रहे हैं। उनकी नई-नई प्रेम कहानी चल भी अच्छी रही है। अच्छी बात ये है कि अभी तक भूरीबाई के पहले पति रामचंद्र या उसके परिवार के लोग कोई विवाद करने नहीं पहुंचे।

इसलिए साढ़े 3 हजार
भूरीबाई गुजरात के गांव की रहने वाली हैं। उनकी शादी रायपुरिया के पास एक गांव में लगभग 50-55 साल पहले हुई। तब आदिवासी परंपरानुसार सामाजिक पंचायत ने महिला के परिवार वालों को साढ़े 3 हजार रुपए वर पक्ष से दिलवाए। इसे सामान्य तौर पर वधूमूल्य कहा जाता है। तब इस साढ़े 3 हजार की काफी कीमत थी, लेकिन अब समाज की शादियों में वधूमूल्य 50 हजार से 5 लाख तक तय किया जाता है।

समाज की परंपरा है कि अगर वधू पति को छोड़ किसी दूसरे व्यक्ति के साथ चली जाए तो नया पति महिला के ससुराल वालों को वो राशि देता है, जो पति ने पत्नी के परिवार वालों को दी थी या फिर पंचायत में तय की गई राशि देना पड़ती है, लेकिन बादू की जिद है कि वो तो साढ़े 3 हजार ही देंगे।

दिग्विजय कर सकते हैं तो मैं क्यों नहीं
बादू भूरिया से जब इस उम्र में शादी करने पर सवाल किया गया तो बड़े चुटीले अंदाज में वो बोले। जब दिग्विजय सिंह बड़ी उम्र में शादी कर सकते हैं तो वो क्यों नहीं कर सकते। जब उनसे पूछा कि दिग्विजयसिंह को जानते हो? जवाब दिया, हां, बड़ा नेता है। गांव के लोगों से सुना था, उन्होंने बड़ी उम्र में शादी की।

शराब पी तो रिश्ता खत्म
भूरीबाई का कहना है, पहला पति लगातार शराब पीता था और मारपीट करता था। इसलिए एक साल पहले उसे छोड़कर भाइयों के पास चली गई। दस दिन पहले परवट में काम के लिए आई तो बादू से मुलाकात हुई। उसने भरोसा दिलाया है कि शराब नहीं पिएगा, लेकिन अगर उसने भी शराबखोरी की तो फिर से मायके चली जाऊंगी।

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !