
गिरफ्तार महिला नेता का नाम पेट्रीशिया डिसूजा (33) है। वह खुद को दक्षिण मुंबई बीजेपी की पूर्व महिला उपाध्यक्ष बताती है। लक्ष्मी देवेंद्रन नाम की एक नौकरानी की शिकायत पर मलाड पुलिस ने पेट्रीशिया को अरेस्ट किया है। लक्ष्मी देवेंद्रन ने बताया कि जनवरी 2017 में पेट्रीशिया डिसूजा के घर पर काम कर रही थी। आरोपी महिला नेता ने लक्ष्मी को नौकरी पर रखने से पहले उसकी पूरी जानकारी हासिल की। लक्ष्मी के हसबैंड की डेथ हो चुकी है और उसके दो लड़के हैं। लक्ष्मी ने पेट्रीशिया को बताया कि वह अपने लड़कों को हॉस्टल में पढ़ना चाहती हैं। इसके लिए उसने कुछ पैसे जमा कर रखे हैं।
पेट्रीशिया ने एक दिन लक्ष्मी को बुलाया और कहा कि इनकम टैक्स में उसे कुछ पैसे दिखाने है। उसने लक्ष्मी से उसके पैसे मांगे और इसके बदले में ज्यादा पैसे देने और बच्चों का हॉस्टल में एडमिशन करवाने का वादा किया। लक्ष्मी का आरोप है कि इसके बाद न तो उनके पैसे ही वापस मिले और न ही उनके बच्चों का हॉस्टल में एडमिशन हुआ। यही नहीं उसकी दो महीने की सैलरी भी नहीं दी गई। लक्ष्मी ने जब पैसे मांगे तो उसे चोरी के झूठे मामले में फंसाने का डर दिखाया। इसके बाद लक्ष्मी ने मलाड पुलिस स्टेशन में महिला नेता के खिलाफ केस दर्ज करवाया।
सामने आ रही हैं कई महिलाएं
पुलिस का कहना है कि पेट्रीशिया डिसूजा ने केवल लक्ष्मी से ही धोखाधड़ी नहीं की है। इससे पहले उसने कई महिलाओं से इसी तरह पैसे ऐंठे हैं। पेट्रीशिया के गिरफ्तार होने के बाद वे महिलाएं भी सामने आ रही है जो धोखाधड़ी का शिकार हुई हैं। उसके यहां काम करने वाली दूसरी नौकरानी सुरेख ने बताया कि पेट्रीशिया ने उसके पैसे डबल करने के नाम पर उससे गहने और पैसे लिए। लेकिन बाद में उसे वापस नही किया।
पुलिस ने बताया कि पेट्रीशिया डिसूजा के खिलाफ आईपीसी को धारा 406, 420 के तहत मामला दर्ज कर बोरीवाली कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे पुलिस में भेजने का आदेश दिया गया है। पुलिस कि माने तो महिला अपने आपको बीजेपी का नेता बताकर करीब दर्जनभर महिलाओं के साथ करोड़ों रुपए की ठगी कर चुकी है।