VYAPAM SCAM: नंदूभैया की धमकी पर बाबा दिग्विजय सिंह मुस्कुराए

Updesh Awasthee
भोपाल। व्यापमं घोटाले में सीबीआई की चार्जशीट में सीएम शिवराज सिंह चौहान का नाम ना होने एवं सीबीआई की रिपोर्ट में दिग्विजय सिंह द्वारा पेश किए गए सबूत फर्जी करार दिए जाने के बाद भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान ने ऐलान किया है कि वो दिग्विजय सिंह एंड कंपनी को छोड़ेंगे नहीं। राजनीति से अवकाश प्राप्त धार्मिक यात्रा पर निकले बाबा दिग्विजय सिंह से जब इस बारे में प्रतिक्रिया मांगी गई तो पहले तो दिग्विजय सिंह मुस्कुराए, फिर बोले एक और सही। 

उल्लेखनीय है कि सीबीआई ने 31 अक्तूबर को भोपाल की विशेष सीबीआई अदालत में अपना आरोपपत्र दाखिल किया। जिसमें वस्तुत: उस आरोप को खारिज कर दिया गया है कि एक आरोपी से जब्त कंप्यूटर हार्डडिस्क में छेड़छाड़ की गयी है जिसमें कथित तौर पर सीएम अक्षरों का जिक्र था। नर्मदा परिक्रमा कर रहे सिंह ने कल शाम खरगोन जिले के लापा गांव में संवादाताओं से कहा, इस मुद्दे पर कांग्रेस के राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने जो कहा है वही मेरा बयान है, क्योंकि मैंने अपनी ओर से उन्हें इस मुद्दे पर अधीकृत किया है।

यह पूछने पर की भाजपा इस संबंध में आधारहीन आरोप लगाने की बात करते हुए उनके खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर करने की बात कर रही है, दिग्विजय ने कहा, मानहानि के कई मुकदमें मेरे खिलाफ चल रहे हैं। एक और सही। उनकी नर्मदा यात्रा के संबंध में केन्द्रीय मंत्री उमा भारती के बयान पर दिग्विजय ने कहा, मैं उनके बयान के लिये उनका :उमा: आभार व्यक्त करता हूं। मेरी यात्रा पूरी होने पर होने वाले भंडारे में उनको आमंत्रित करने पर मैं विचार करूंगा। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरूण यादव भी मौजूद थे।

दो दिन पहले लोकसभा में कांग्रेस के मुख्य सचेतक ज्योतिरादित्य सिंधिया भी दिग्विजय सिंह की नर्मदा परिक्रमा यात्रा में शामिल हुए थे। कांग्रेस के एक प्रवक्ता ने बताया कि वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व केन्द्रीय मंत्री कमलनाथ आज दिग्विजय की नर्मदा यात्रा में शामिल होगें।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!