हिंदुस्तान के बेटे जाधव के लिए सारा INDIA एकजुट, पाकिस्तान को 'अंजाम भुगतने' की चेतावनी

Updesh Awasthee
नई दिल्ली। भारत की संसद ने आज ऐलान किया है कि 'हिंदुस्तान के बेटे' कुलभूषण जाधव के लिए सारा देश एकजुट हैं। सभी पार्टियां एकमत हैं। सरकार ने संसद में पाकिस्तान को 'अंजाम भुगतने' की सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि जाधव को बचाने के लिए भारत सरकार 'आउट ऑफ द वे' जाने से भी पीछे नहीं हटेगी। अब मामला गंभीर हो गया है। यदि पाकिस्तान ने तत्काल अपने कदम पीछे नहीं किए तो दोनों देशों की सीमाओं पर तनाव बढ़ सकता है। कुलभूषण को फांसी की सजा दिए जाने को सुनियोजित साजिश करार देते हुए विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने राज्यसभा में कहा कि पाकिस्तान के पास जाधव के खिलाफ कोई सबूत नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर जाधव को फांसी दी जाती है तो पाकिस्तान को द्विपक्षीय संबंधों में उसका अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहना होगा। विदेश मंत्री ने कहा कि भारतीय राजनायिकों को जाधव से मिलने तक नहीं दिया गया।

आउट ऑफ द वे जाकर करेंगे मदद
राज्यसभा में नेता विपक्ष गुलाम नबी आजाद ने कहा कि भारत को नीचा दिखाने के लिए पाकिस्तान ने जाधव को सोची-समझी साजिश के तहत फंसाया है। उन्होंने कहा कि सरकार जाधव को बचाने के लिए पाकिस्तान में वकील मुहैया कराए। इसके जवाब में सुषमा ने कहा, 'जहां तक जाधव को कानूनी मदद की बात है, तो यह बहुत छोटी बात है। सुप्रीम कोर्ट के लिए तो बड़ा से बड़ा वकील करेंगे...लेकिन केवल सुप्रीम कोर्ट से नहीं...इस पूरे केस में उसको बचाने के लिए जो भी करना पड़ेगा...आउट ऑफ द वे जाकर...हम लोग करेंगे...और मैं आपको यह बता दूं.. जिस दिन से यह घटना घटी है, तब से मैं लगातार उनके माता-पिता के संपर्क में हूं।'

राजनाथ ने भी दिलाया भरोसा
गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने भी कहा कि पाकिस्तान ने कानून की अनदेखी कर जाधव को फांसी की सजाई सुनाई गई है। उन्होंने पाकिस्तान के इस कदम की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि जाधव को बचाने और न्याय दिलाने के लिए सरकार हर संभव कोशिश करेगी। उन्होंने कहा कि जाधव के पास वैध भारतीय पासपोर्ट था और उसे ईरान से अगवा कर के लाया गया था।

कांग्रेस ने उठाया मामला
कांग्रेस ने जाधव के मुद्दे पर लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया था। सदन की कार्यवाही शुरू होते ही कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने मुद्दे को उठाते हुए कहा कि अगर जाधव को बचाया नहीं जा सका तो यह भारत सरकार की कमजोरी होगी। खड़गे ने कहा, 'अगर जाधव का फांसी दी गई, तो यह हत्या ही समझी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि जाधव मामले में पाकिस्तान ने अंतरराष्ट्रीय कानूनों का पालन नहीं किया, उन्हें वकील तक मुहैया कराने का मौका नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि भारत को इस पर प्रतिक्रिया की ताकत दिखानी चाहिए।' खड़गे ने पीएम मोदी के नवाज के परिवार की शादी में जाने को लेकर सरकार निशाना साधा और कहा कि पीएम को यह मुद्दा उठाना चाहिए था। खड़गे के इस बयान पर कुछ देर हंगामा हुआ। खड़गे के बयान पर केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार ने कहा कि मामले पर राजनीति न करें। जाधव के साथ पूरा देश खड़ा है।

उधर AIMIM सासंद असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि सरकार को गंभीरता से इस पर सोचना चाहिए। जाधव को बचाने की पूरी कोशिश करनी चाहिए। जाधव को धोखा देकर पाकिस्तान पकड़कर लाया गया। उन्होंने कहा कि सरकार इस मामले पर कदम उठाए।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!