अकेले UP में क्यों, सारे देश के बूचड़खानों को बदं कराओ: आजम खान

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में नए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेश के बाद अवैध बूचड़खानों को बंद करने के फैसले पर समाजवादी पार्टी नेता आजम खान ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। आजम खान ने नियम में समानता लाने की बात करते हुए कहा कि सिर्फ एक राज्य में नहीं, बल्कि पूरे देश में ही जानवरों की हत्या पर रोक लगा देनी चाहिए। न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत में आजम खान ने कहा “कानूनी और गैरकानूनी क्या होता है। इस विरोध को खत्म किया जाए। इसी में तो तरकीब छुपी हुई है। कहा ये गया था कि बूचड़खाने बंद किए जाएंगे। मैं एक मुस्लिम, हिंदुस्तानी और दोस्त के नाते यह अपील करना चाहता हूं कि सारे बूचड़खाने बंद होने चाहिए और किसी भी तरह का जानवर नहीं काटा जाना चाहिए। क्योंकि यह अहिंसा परमो धर्मा का देश है।”

मोदी जी पर तंज कसते हुए आजम खान ने कहा, “20 सालों से हम यह मांग कर रहे हैं कि पशु वध और इंसानी वध दोनों बंद होने चाहिए। किसी के भी गले पर छूरी नहीं आनी चाहिए। पूरी दुनिया में गाय का वध खत्म होना चाहिए। जिन मुल्कों से मोदी जी की बहुत दोस्ती है, जैसे अमेरिका उनसे भी बात की जानी चाहिए। इतना भी नहीं तो कम से कम देश के सभी राज्यों में तो ऐसा होना ही चाहिए। हिन्दुस्तान के कई राज्यों में गायों को कानून के मुताबिक काटा जाता है, जैसे – केरल, बंगाल, त्रिपुरा, गोवा आदि। इन राज्यों गाय काटी जाएंगी और बाकी में नहीं, ये कैसा कानून है। ये कैसी समानता है।”

उत्तर प्रदेश सरकार ने बूचड़खानों पर कार्रवाई को लेकर पैदा हुई भ्रम की स्थिति पर सोमवार को स्पष्टीकरण देते हुए कहा था कि यह कार्रवाई अवैध बूचड़खानों के खिलाफ ही है और जिनके पास लाइसेंस है, उन्हें डरने की जरूरत नहीं है। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने कहा था, “चिकन, मछली और अंडा विक्रेताओं के खिलाफ कार्रवाई का कोई आदेश नहीं दिया गया है। उन्हें डरने की जरूरत नहीं है।”

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !