नईदिल्ली। उत्तरप्रदेश के गाजियाबाद में एक सनसनीखेज हत्याकांड हुआ है। 3 बच्चों के बाप ने अपनी ही पत्नी की हत्या की साजिश रची। YOUTUBE से सीखकर पिस्टल बनाई। गोली भी उसने घर पर ही बनाई। फिर पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद वो लाश लेकर ससुराल पहुंचा और सास में 3 गोलियां मारीं। फिर वो पत्नी की लाश लेकर फरार हो गया।
गाजियाबाद के टीवी पत्रकार हिमांशु मिश्रा की रिपोर्ट के अनुसार सतेंद्र तेवतिया बुधवार 08 फरवरी 17 को शाम करीब 5 बजे अपनी पत्नी को सेंट्रो कार से गोविंदपुरम उसके मायके लेकर जा रहा था। थोड़ी दूर जाने के बाद उसने कार रोकी और अपनी पत्नी को गोली मार दी। इसके बाद वह अपनी पत्नी की लाश के साथ गोविंदपुरम में अपनी ससुराल में पहुंचा। वहां उसने घर के बाहर शोर माचाना शुरु कर दिया। शोर सुनकर जब सतेंद्र की सास इंद्रावती घर से बाहर निकली तो, सतेंद्र ने उस बुजुर्ग महिला को एक के बाद एक तीन गोली मार दी।
भीड़ जुटी तो लाश लेकर फरार
इतना ही नहीं, सतेंद्र ने कार से एक पत्थर निकालकर अपनी सास को मारने की कोशिश की। लेकिन गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग जुटने लगे और सतेंद्र पर गमले फेंकने लगे। इसके बाद सतेंद्र अपनी पत्नी की लाश समेत कार लेकर वहां से भाग निकला।
पुलिस की नाकाबंदी में फंस गया
इंद्रावती की नाती वर्षा ने बताया कि वारदात के वक्त सतेंद्र के साथ उसके पिता भी थे लेकिन सतेंद्र का कहना है कि उसने अकेले ही इस वारदात को अंजाम दिया था। वारदात के बाद सतेंद्र वहां से भाग जाना चाह रहा था लेकिन वॉयरलेस कॉल के बाद पुलिस चौकस थी और सतेंद्र ज्यादा दूर तक नहीं भाग सका।
नहीं तो ससुराल वाले मुझे मार देते
आरोपी का कहना है कि उसने शक के चलते ये खौफनाक कदम उठाया। सतेंद्र का कहना है उसके ससुराल वाले उसे जान से मारना चाहते थे। उसे हर वक्त अपनी जान का डर लगा रहता था। यही वजह है कि उसने अपनी पत्नी और सास के कत्ल की साजिश रची।
यूट्यूब देखकर बनाई पिस्टल और गोली
आरोपी सतेंद्र ने बताया कि इस वारदात को अंजाम देने के लिए उसने यूट्यूब देखकर पिस्टल बनाना सीख लिया था और फिर गोली भी यूट्यूब से ही बनानी सीखी। हालांकि पुलिस को सतेंद्र के इस बयान पर यकीन नहीं हो रहा है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है।
सास की हालत गंभीर
घायल इंद्रावती को डॉक्टरों ने वेंटिलेटर पर रखा है। उन्हें तीन गोली लगी हैं, जिन्हें निकालने के लिए उनका ऑपरेशन होना है। इस घटना से उनके पति ओमवीर भी गहरे सदमे में हैं। ओमवीर का कहना है कि सतेंद्र कोई काम नहीं करता था। दहेज की मांग करता था। पत्नी की पिटाई करता था। ओमवीर के एक बेटे ने खुदकुशी कर ली थी जबकि एक की मौत हार्ट अटैक से हो गई थी।
14 साल पहले हुई थी शादी
मसूरी, गाजियाबाद के रहने वाले सतेंद्र की शादी 14 साल पहले राजकुमारी के साथ हुई थी। दोनों के तीन बच्चे हैं। दो बेटियां और एक चार साल का बेटा है। सतेंद्र का कहना है कि राजकुमारी उसकी कोई बात नहीं मानती थी और उसके दूसरे लोगों से रिश्ते थे। विरोध करने पर मां-बेटी उसे जान से मारने की धमकी देते थे। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
