12वीं की छात्रा, 2 साल में कई बार रेप, ना घरवाले बचा पाए, ना पुलिस ने सुनी

जबलपुर। 12वीं की एक छात्रा लगातार 2 साल से यौनशोषण का शिकार होती रही। एक सड़कछाप बदमाश उसके साथ लगातार रेप करता रहा। उसने स्कूल के प्रिंसिपल को शिकायत की, लेकिन उन्होंने कुछ नहीं किया। घरवालों को बताया लेकिन वो भी लड़की को बचा नहीं पाए। पुलिस से शिकायत की परंतु पुलिस ने भी कोई कार्रवाई नहीं की। यदि कोडरेड के बारे में छात्रा को पता ना चलता तो आज भी वो उसी के चंगुल में फंसी छटपटा रही होती। 

बदमाश की हरकतों से परेशान छात्रा ने स्कूल जाना छोड़ दिया था। बहुत जरूरी होने पर परिवार का कोई सदस्य उसे स्कूल छोड़ने और लेने जाता था। इस दौरान भी वो पीछा करता और घरवालों के सामने अश्लील बातें करता। इसी बीच छात्रा को कोड रेड टीम की जानकारी हुई तो उसने फोन पर पुलिस से संपर्क किया। उसने टीम के सदस्यों को आपबीती बताई तो वे भी हैरान रह गए। उन्होंने छात्रा को मदद का भरोसा दिया। 

बुधवार को छात्रा का प्रैक्टिल था। इसकी जानकारी होते ही पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। छात्रा जैसे ही स्कूल के लिए निकली आरोपी उसके पीछे लग गया और छेड़छाड़ करने लगा। यह देख पहले से मुस्तैद कोड रेड टीम ने भेड़ाघाट निवासी आरोपी राहुल सेन को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ गढ़ा थाने में दुराचार का मामला दर्ज किया गया है।

दो साल पहले किसी सहेली से लिया था नंबर
छात्रा ने कोड रेड प्रभारी अरुणा बहाने को बताया कि दो साल पहले राहुल ने उसकी सहेली से उसके घर का नंबर लिया था और फिर उसे परेशान करने लगा। इसके बाद वह उससे दोस्ती करने को कहने लगा।

नशीली दवा से बेहोश करके किया दुराचार
छात्रा ने पुलिस को बताया कि एक दिन उसे राहुल मिला और उससे दोस्ती करने को कहने लगा। उसने जब इंकार किया, तो उसने एक बार उसके साथ कॉफी पीने के लिए कहा और उसे एक मकान में ले गया। जहां उसे धोखे से नशीली दवा पिलाकर उसके साथ दुराचार किया।

अश्लील वीडियो बनाया है
छात्रा के मुताबिक राहुल ने उसे धमकी दी थी कि उसने उसका अश्लील वीडियो बनाया है। यदि वह शिकायत करेगी, तो वह यह वीडियो वायरल कर देगा। इसके बाद ब्लैकमेल कर कई बार दुराचार किया।

घर के पास से पीछा करते हुए स्कूल तक जाता था
छात्रा ने बताया कि राहुल उसके घर के पास छुपकर खड़ा रहता था। जैसे ही वह घर से स्कूल जाने के लिए निकलती थी, तो वह उसका पीछा करने लगता था। रास्ते में उसके साथ छेड़छाड़ और अश्लील बातें करता था। उसने यह बात प्राचार्य को भी बताई थी।

स्कूल जाना किया बंद
आरोपी राहुल के डर से उसने स्कूल जाना बंद कर दिया था। परिजन ने जब उससे पूछा, तो उसने जानकारी दी। इसके बाद उसके परिजन ने राहुल को समझाइश दी थी और पुलिस को भी जानकारी दी थी। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

घर में घुसकर दी थी धमकी
जब राहुल ने छात्रा को परेशान करना नहीं छोड़ा, तो उसके परिजन उसे स्कूल छोड़ने और लेने जाने लगे थे लेकिन फिर भी राहुल ने पीछा करना नहीं छोड़ा। एक दिन राहुल उसके घर में घुसा और उसे व उसके परिजन को वीडियो के बारे में जानकारी देते हुए धमकी दी।

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !