यूपी में ब्राह्मण कार्ड खेल सकती है कांग्रेस, प्रभारी होंगे कमलनाथ

नईदिल्ली/भोपाल समाचार सेवा। राहुल एवं प्रियंका के इंकार के बाद प्रशांत किशोर एंड टीम यूपी में कुछ ऐसा करना चाहती है जो पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बने। वोटर्स को आकर्षित करे और कांग्रेस में जान फूंक दे। यहां सपा मुस्लिम/यादव कार्ड पर टिकी है, बसपा दलित कार्ड पर, भाजपा भी दलित कार्ड खेल रही है। ऐसे में प्रशांत किशोर एंड टीम की रिसर्च कहती है कि यूपी में ब्राह्मण कार्ड सफल हो सकता है। 

यूपी में 2017 में होने वाले विधान सभा के मद्देनजर कांग्रेस में जल्दी ही बड़ा फेर बदल हो सकता है। कांग्रेस में फिर से नया जोश पैदा करने के मकसद से प्रशांत किशोर एंड टीम की रिपोर्ट पर प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी में बड़ा बदलाव हो सकता है। वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. निर्मल खत्री को उनके पद से हटाया जा सकता है। यह ज़िम्मेदारी किसी ब्राह्मण चेहरे को देने की तैयारी है। अब वह प्रमोद तिवारी भी हो सकते हैं और जितिन प्रसाद भी। 

प्रमोद तिवारी उत्तर प्रदेश में सात बार लगातार विधायक रहे हैं। कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता के अलावा वह प्रदेश सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं। जितिन प्रसाद वरिष्ठ कांग्रेस नेता कुंवर जीतेन्द्र प्रसाद के पुत्र हैं। केन्द्र की मनमोहन सिंह सरकार में मंत्री रहे हैं। राहुल गांधी के काफी करीबी माने जाते हैं।

चर्चा यह भी है कि प्रदेश कांग्रेस प्रभारी मधु सूदन मिस्त्री की भी विदाई कर दी जायेगी। उनके स्थान पर कमलनाथ या गुलाम नबी आज़ाद को लाया जा सकता है। हालांकि गुलाम नबी आज़ाद राज्यसभा का नेता विपक्ष पद नहीं छोड़ना चाहते हैं।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!