उज्जैन। मप्र शासन के शिक्षा विभाग ने उज्जैन कुंभ मेले में सेवाएं देने के लिए 400 शिक्षकों को तैनात किया है। इनमें से 88 शिक्षकों की ड्यूटी मेले में आने वाले अधिकारी-कर्मचारियों के आवास, भोजन, आवागमन तथा अन्य आवश्यक व्यवस्था के लिए लगाई गई है।
मप्र शासन की ओर से जारी सरकारी सूचना के अनुसार सहायता केंद्रों में तीर्थ यात्रियों के मार्गदर्शन के लिए 400 शिक्षकों की सेवाएं लीं गईं हैं। सिंहस्थ मेला क्षेत्र में विभिन्न सेवादल द्वारा 23 शिविर लगाए गए हैं। इनमें भारत स्काउट एवं गाइड, सेवा समिति, सेवादल, राष्ट्रीय सेवा योजना तथा राष्ट्रीय छात्र सेना शामिल हैं। इन सेवादल के नियंत्रण के लिए 92 कर्मचारी तैनात किए गए हैं, जो अपने दायित्व का ईमानदारी से निर्वहन कर रहे हैं। सिंहस्थ मेला क्षेत्र में लगभग पाँच हजार स्वयंसेवक लगे हैं। इस मेला क्षेत्र में अधिकारी-कर्मचारियों के आवास, भोजन, आवागमन तथा अन्य आवश्यक व्यवस्था के लिए 93 अधिकारी की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा शिक्षा विभाग के 88 कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। शिक्षा विभाग द्वारा उज्जैन में माधवनगर स्थित शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय को कंट्रोल रूम बनाया गया है। इस कंट्रोल रूम में 45 अधिकारी-कर्मचारी की ड्यूटी लगाई गई है। कंट्रोल रूम 24 घंटे काम कर रहा है।