पुलिस अधिकारी की लापता पत्नी की लाश झाड़ियों में मिली

0
ग्वालियर। 3 दिन पहले लापता हुई हवलदार रामाज्ञा पाराशर की पत्नी उर्मिला का शव शुक्रवार शाम को शारदा बाल ग्राम की पहाड़ी पर झाड़ियों में मिला है। 3 दिन में शव डी-कंपोज (सड़-गल) गया है। जिस हालत में शव मिला है, उससे मृतका के पति ने आशंका जताई है कि बलात्कार के बाद उनकी पत्नी की हत्या बेरहमी से लकड़ी के प्रहार से की है। महिला के अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने के लिए फोरेंसिक विशेषज्ञ सीनियर वैज्ञानिक अखिलेश भार्गव से भी पड़ताल कराई गई है। मृतका का पति रामाज्ञा पाराशर डबरा थाने में पदस्थ हैं।

दुष्यंत नगर मेहरा कॉलोनी थाटीपुर मुरार में निवास करने वाले रामाज्ञा पाराशर की पत्नी उर्मिला पाराशर (52 वर्ष) 30 सितंबर की सुबह 6.30 बजे के लगभग सचिन तेंदुलकर मार्ग पर घूमने के लिए आईं थी। महिला अमूमन शारदा बाल ग्राम पहाड़ी पर घूमने के लिए आती थीं। दोपहर तक महिला के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश किया। इसके बाद उर्मिला पाराशर की गुमशुदगी थाटीपुर थाने में दर्ज कराई है।

पहाड़ी पर खोजने आए लोगों को आई दुर्गंध से मिला शव
पिछले 3 दिन से उर्मिला को परिवार के लोगों के अलावा नाते-रिश्तेदार भी तलाश कर रहे हैं। पहाड़ी के भी कई चक्कर लगा चुके हैं लेकिन कुछ नहीं पता चला। शुक्रवार की शाम को 6.30 बजे के लगभग महिला के मायके पक्ष के आधा दर्जन लोग एक बार फिर पहाड़ी पर तलाशने के लिए पहुंचे। मंदिर के पास पहुंचने पर लोगों को दुर्गंध आई। पहले लोगों ने समझा कि कोई जानवर सड़ गया होगा लेकिन झाड़ियों में झांककर देखने पर उर्मिला का शव पड़ा मिला।

शव के पास ही पड़ा है डंडा
आशंका है कि 30 सितंबर को महिला की हत्या कर दी गई है। क्योंकि शव धूप में पड़े रहने के कारण सड़-गल गया है और उसमें कीड़े कुलबुला रहे हैं। पुलिस अभी तय नहीं कर पा रही है कि महिला की इसी स्थान पर हत्या की गई है या फिर अन्य किसी स्थान पर हत्या कर शव को यहां ठिकाने लगाया गया है। शव के पास ही एक डंडा पड़ा है, जिस पर खून नजर आ रहा है। आशंका है कि इसी डंडे से प्रहार कर महिला की हत्या की गई है। शरीर डी-कंपोज हो जाने के कारण चोट के निशान नजर नहीं आ रहे हैं।

बलात्कार के बाद हुई हत्या
डबरा थाने में पदस्थ हवलदार रामाज्ञा पाराशर ने आशंका जताई है कि उनकी पत्नी की बलात्कार के बाद हत्या की गई है। जिस हालत में शव पड़ा मिला है, उससे बलात्कार होने की शंका है। महिला का शव मिलने के बाद घूमने के लिए आई एक महिला ने बताया कि 2 दिन पूर्व कुछ लड़के झाड़ियों में झांककर देख रहे थे।

पहाड़ी पर घूमने आते हैं लोग
आरकेवीएम स्कूल के ऊपर पहाड़ी पर काफी संख्या में प्रतिदिन सुबह शाम वॉक के लिए लोग आते हैं। पहाड़ी पर 2 मंदिरों के अलावा हॉस्टल भी है। इसके अलावा एक दर्जन से अधिक झुग्गी झोपड़ी भी हैं। पहाड़ी पर असामाजिक तत्व आते-जाते रहते हैं। इससे पहले भी इसी पहाड़ी पर एक महिला की हत्या हो चुकी है।

पीएम रिपोर्ट से पता चलेगा कैसे हुई हत्या
गुमशुदा महिला का शव सड़-गल गया है। इसलिए यह कहना मुश्किल है कि महिला की हत्या कैसे हुई और उसके साथ बलात्कार हुआ है कि नहीं। शव के पीएम रिपोर्ट से ही इसका पता चल सकेगा। पुलिस जांच कर रही है। महिला की मौत का कारण पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
वीरेंद्र जैन, एएसपी
भोपाल समाचार से जुड़िए
कृपया गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें यहां क्लिक करें
टेलीग्राम चैनल सब्सक्राइब करने के लिए यहां क्लिक करें
व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए  यहां क्लिक करें
X-ट्विटर पर फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें
समाचार भेजें editorbhopalsamachar@gmail.com
जिलों में ब्यूरो/संवाददाता के लिए व्हाट्सएप करें 91652 24289

Post a Comment

0 Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!