व्यापमं का अलख जगाने भिंड पहुंचे संघ प्रचारक

भिंड। व्यापमं घोटाले के जिन्न् से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को घेरने की कोशिश सिर्फ कांग्रेस नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्वं सेवक संघ से मुक्त प्रचारक और असंतुष्ट भी कर रहे हैंं। विरोध के लिए 'व्यापमं घोटाला संघर्ष समिति' बनाई है। इस समिति की आंच चंबल (भिंड) तक आ चुकी है।

सितंबर 2014 में पूर्व प्रचारक मनीष काले और अभय जैन ने भिंड में बैठक की है। यह बात अब इसलिए सामने आई चूंकि हाल में घोषित भाजपा कार्यकारिणी में उन नेताओं को स्थान दिए जाने की बात आ रही है, जो बैठक में शामिल हुए थे। भाजपा का असंतुष्ट खेमा इस मामले को राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और प्रदेशाध्यक्ष नंदकुमार चौहान तक पहुंचाने की तैयारी में है।

शहर के लॉज में हुई थी बैठक
व्यापमं घोटाले को लेकर चलाए जा रहे अभियान से जोड़ने के लिए पूर्व प्रचारक मनीष काले और अभय जैन ने सितंबर माह में भिंड के एक लॉज में बैठक की थी। भाजपा सूत्रों का कहना है इस बैठक में भाजपा और संघ से जुड़े आधा दर्जन से ज्यादा लोग शामिल हुए थे। अब इन नेताओं को भाजपा की जिला कार्यकारिणी में बड़े पद से लेकर कार्यसमिति सदस्य तक की जिम्मेदारी देने की बात कही जा रही है। हकीकत का खुलासा आला नेतृत्व से शिकायत और उसकी जांच के बाद होगा।

संघर्ष समिति ने अब तक यह किया
व्यापमं घोटाला संघर्ष समिति ने भिंड सहित प्रदेश के कई जिलों में बैठकें की हैं। भोपाल में 15 सितंबर को सत्याग्रह किया। पूर्व प्रचारक मनीष काले कहते हैं वे भोपाल में सत्याग्रह कर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को ज्ञापन देना चाहते थे, लेकिन उन्हें गिरफ्तार करा लिया गया। तब उन्होंने 172 साथियों के साथ 1-2 मार्च को दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना देकर राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम संबोधित ज्ञापन दिया, जिसमें इस पूरे घोटाले में जांच और कार्रवाई की मांग की गई।

जन जागरण के लिए अभियान
व्यापमं घोटाले के खिलाफ जन जागरण अभियान में प्रदेश के 23 जिलों में 1 लाख से ज्यादा पत्रक बांटे गए, जिनमें व्यापमं घोटाले से जुड़ी जानकारियां हैं।
घोटाले के विरोध के लिए समर्थन जुटाने 23 जिलों में 25 हजार लोगों के बीच हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया।
व्यापमं घोटाले की जिम्मेदारी तय करने के लिए मुख्यमंत्री को पोस्टकार्ड भेजे गए, जिसमें पूछा गया घोटाले का जिम्मेदार कौन है?
ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़ने के लिए फेसबुक पर व्यापमं घोटाला संघर्ष समिति नाम से पेज बनाया गया है, जिसे 394 लोगों ने लाइक किया है।

इनका कहना है
व्यापमं घोटाले के विरोध में भिंड में भी बैठक की थी। भोपाल में मुख्यमंत्री को ज्ञापन देने गए थे। हमें गिरफ्तार करा लिया गया। हमारे पास विकल्प नहीं था तब हमें दिल्ली जाना पड़ा। दिल्ली में 172 साथियों के साथ जंतर मंतर पर धरना देकर राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन दिया। हमारा अभियान अभी बंद नहीं है।
मनीष काले, पूर्व प्रचारक, राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ

विरोध अभी बंद नहीं
व्यापमं घोटाले के विरोध में भिंड में भी बैठक की थी और भी जगह की हैं। हम अभियान की आगे की रणनीति नहीं बता सकते। व्यापमं घोटाले का विरोध अभी बंद नहीं है।
अभय जैन, पूर्व प्रचारक, राष्ट्रीय स्वं सेवक संघ

कोई असंतुष्‍ट नहीं
व्यापमं घोटाले को लेकर संघर्ष समिति की बैठक में कौन शामिल हुआ इसके बारे में मुझे कुछ नहीं पता है। भाजपा में कोई असंतुष्ट नहीं है। लोकतंत्र में सबको अपनी बात कहने का अधिकार है।
संजीव कांकर, जिलाध्यक्ष, भाजपा भिंड

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !