न्यू हेवन। अमेरिका के न्यू हेवन शहर में फिर एक भारतीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। न्यू हेवन शहर में मारे गए भारतीय युवक का नाम संजय पटेल था और वो 15 वषों से अमेरिका में रह रहे थे। गुजरात के आणंद जिले का रहने वाला संजय पटेल अमेरिका के न्यू हेवन शहर में गैस स्टेशन के स्टोर में जोब करता था। बताया जा रहा है कि दो अज्ञात लोगों ने लूटपाट के इरादे से संजय को गोली मार दी, हमलावरों ने संजय पटेल 6 राउंड गोली चलाई।
संजय पटेल की 2 वर्ष पहले ही शादी हुई थी और उनकी पत्नी 6 महीने की गर्भवती हैं। अमेरिका में उनका कोई भी जान-पहचान का नहीं है, ऐसे में संजय की पत्नी की हालत नाजुक है। यहां आणंद जिले में संजय के मां-बाप की हालत भी खराब है। वो संजय के शव को भारत लाना चाहते हैं, ऐसे में पटेल परिवार ने मोदी सरकार से मदद की गुहार लगाई है। ये कोई पहला मौका नहीं है जब अमेरिका में किसी भारतीय को निशाना बनाया गया हो। इससे पहले भी कई बार भारतीयों पर हमले किए गए है। कभी नस्लीय हिंसा के नाम पर तो कभी लूटपाट की वजह से।
कुछ दिन पहले ही अमेरिका में मंदिरों और गुरुद्वारों को निशाना बनाया गया। अमेरिका के अलबामा में एक बुजुर्ग के साथ नस्लीय हिंसा की गई। ऐसे में हैरानी नहीं कि संजय पटेल के रिश्तेदार ये सवाल उठा रहे हैं कि आखिर क्यों बार-बार अमेरिका में भारतीयों को निशाना बनाया जा रहा है। इससे पहले भी गुजरात से अमेरिका के अलबामा में अपने बेटे से मिलने गए सुरेश भाई पटेल एक अमेरिकी पुलिसवाले के नस्लीय गुस्से का शिकार बन गए। 12 फरवरी की शाम पुलिस वाले ने उन्हें धक्का देकर नीचे गिरा दिया। इस हादसे में सुरेश भाई की रीढ़ की हड्डी टूट जाने से उन्हें लकवा मार गया।