राजधानी में ट्रेवल्स संचालक पर फायरिंग

भोपाल। अयोध्या नगर बायपास रोड पर सागर एवेन्यू के सामने गुरुवार रात एक युवक को मोटर साइकल सवार दो लोग गोली मारकर भाग गए। गोली युवक के कंधे में लगी है। जिससे वह घायल हो गया। उसे भानपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। तीन हफ्ते में राजधानी में गोली चलाने की यह तीसरी घटना है।

एएसपी रियाज इकबाल के मुताबिक मकान नंबर 171, नीरजा नगर निवासी 24 वर्षीय दीपक सोनी मूलतः छतरपुर का रहने वाला है। उसने भोपाल से एमबीए किया। इसके बाद वह ट्रेवल्स का धंधा करने लगा। वह अयोध्या वायपास रोड पर सागर एवेन्यू के पास हारमनी होटल चाय पीने गया था। कुछ देर बाद वहां से उठकर अपनी कार में बैठ गया। वह ड्रायविंग सीट पर बैठकर लैपटॉप देख रहा था, तभी उसके पास बाइक पर सवार दो लोग पहुंचे। उनमें से पीछे बैठे युवक ने दीपक को गोली मार दी। गोली उसके दाहिने कंधे पर लगी। फायर की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े। लोगों ने तत्काल उसे भानपुर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कर दिया।

वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घटना स्थल का मुआयना करने के बाद पुलिस ने अस्पताल जाकर घायल के बयान लिए। उसने बताया कि गोली मारने के बाद हमलावर भाग गए। वह उनकी शक्ल ठीक से नहीं देख पाया। उसकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। किसने गोली मारी, यह कहना मुश्किल है। अयोध्यानगर पुलिस अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर घटना की जांच कर रही है।

गौरतलब है कि 17 फरवरी की शाम 10 नंबर बस स्टॉप के पास दो बदमाशों ने घर में घुसकर एक युवक को गोली मारी थी। इसके दूसरे दिन 18 फरवरी की रात बंसल अस्पताल के सामने बाइक सवार दो युवकों ने बाइक सवार एक अन्य युवक पर गोली चलाई थी।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!