इंदौर। चेक-इन के लिए काउंटर पर खड़े यात्रियों को छोड़कर विमान सोमवार को दिल्ली रवाना हो गया। एयरलाइंस की लापरवाही के चलते यात्रियों और अधिकारियों में बहस हुई। यात्रियों को दिल्ली भेजने की कोई व्यवस्था नहीं की।
एयरपोर्ट प्रबंधन के मुताबिक एयर इंडिया की एआई 635 मुंबई-इंदौर-दिल्ली फ्लाइट सुबह 7.50 बजे रवाना होती है। बोर्डिंग का समय 7.05 बजे तक रहता है। फ्लाइट उड़ने के 45 मिनट पहले नहीं आने के चलते करीब 15 यात्रियों को पास जारी नहीं किए, जबकि यात्री आयुष चोपड़ा का कहना था कि वे लाइन में ही लगे थे, लेकिन अधिकारियों ने सहयोग नहीं किया। उधर, एयरलाइंस के स्थानीय अफसरों का कहना है कि यात्री समय पर नहीं आए इसलिए उन्हें बोर्डिंग पास नहीं दिए गए। एयरपोर्ट मैनेजर विवेक अत्रे ने बताया कि यात्रियों ने कोई शिकायत नहीं की है।