सरकारी अस्पतालों में 25 करोड़ की नकली दवाएं

भोपाल। मध्यप्रदेश के सरकारी अस्पतालों में 25 करोड़ रुपए की नकली दवाएं खरीदी गईं और मरीजों को बांट दीं गईं। मजेदार तो देखिए कि दवाएं खतम, सबूत भी खतम। जिम्मेदार वरिष्ठ अधिकारियों ने खरीदी में निर्धारित नियमों का पालन ही नहीं किया। इतना भी नहीं जांचा कि जो दवाएं खरीदी गईं हैं वो स्वास्थ्य के लायक भी हैं या नहीं। दवा माफिया से मप्र स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का यह गठबंधन जानलेवा है। छत्तीसगढ़ नसबंदी जैसा कांड यहां भी हो सकता था। 

प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में 2008 से लेकर 2013 के बीच 25 करोड़ की दवाएं बिना जांच कराए ही बांट दी गईं। पिछले साल की मप्र महालेखाकर की ऑडिट रिपोर्ट में इसका खुलासा होने के बाद स्वास्थ्य संचालनालय ने तत्कालीन सीएमएचओ, सिविल सर्जन के साथ ही पहले से पदस्‍थ कुछ मौजूदा अधिकारियों को नोटिस थमाया है। इन अधिकारियों से 15 दिन के भीतर जवाब मांगा गया है। सिविल सर्जन भोपाल द्वारा 2011-12 में 182 लाख दवाएं बिना जांच के बांटने की बात सामने आई है।

स्वास्थ्य संचालनालय में अपर संचालक शैलबाला मार्टिन ने संबंधित डॉक्टरों को जारी नोटिस में कहा है कि सभी बैच की दवाओं की जांच पहले से चिन्हित की गई 9 लैब में दवा आने के तीन दिन के भीतर भेजना था, लेकिन गुणवत्ता जांच के बिना ही दवाएं बांट दी गईं। गौरतलब है कि पिछले साल मौजूदा सीएमएचओ और सिविल सर्जन को इसी तरह की गलती करने पर कारण बताओ नोटिस जारी कर इंक्रीमेंट रोकने की बात कही गई थी।

  • जिला अधिकारी का नाम पद अवधि दवा की राशि

  1. भोपाल डॉ. वीणा सिन्हा तत्कालीन सिविल सर्जन 2011-12 182 लाख
  2. ग्वालियर अर्चना शिंगवेकर तत्कालीन सीएमएचओ 2010-12 9 लाख
  3. डिंडोरी डॉ.आरके जैन तत्कालीन सिविल सर्जन 2012-13 129 लाख
  4. डिंडोरी डॉ. बीपी कोले जुलाई से अक्टूबर 2012 129 लाख
  5. उमरिया डॉ. अशोक चौदहा तत्कालीन सीएमएचओ 2009-2011 58 लाख
  6. उमरिया डॉ. आरपी श्रीवास्तव तत्कालीन सीएमएचओ 2008-2010 58 लाख
  7. इंदौर डॉ. सतीष त्रिवेदी तत्कालीन सिविल सर्जन 2008-2010 209 लाख
  8. बड़वानी डॉ.आरके नीमा तत्कालीन सीएमएचओ 2011-12 210 लाख
  9. मंडला डॉ. आरके श्रीवास्तव तत्कालीन सिविल सर्जन 2010-12 255 लाख
  10. मंडला डॉ. आरके श्रीवास्तव तत्कालीन सीएमएचओ 2011-12 309 लाख
  11. अनूपपुर डॉ. आरपी श्रीवास्तव सीएमएचओ 2012-13 25 लाख
  12. जबलपुर डॉ. भारत सिंह चौहान तत्कालीन सीएमचओ 2011-2013 25 लाख
  13. दमोह डॉ. आरके श्रीवास्तव तत्कालीन सिविल सर्जन 2011-13 217 लाख
  14. धार डॉ. एनडी सर्राफ तत्कालीन सिविल सर्जन 2010-12 421 लाख
  15. दतिया डॉ. आरएन आर्य तत्कालीन सिविल सर्जन 2010-11 55 लाख
  16. ग्वालियर डॉ. अनूप कमठान सीएमएचओ 2012 से अब तक 9 लाख
  17. गुना डॉ. वायएस रघुवंशी सिविल सर्जन 2012 से अब तक 17 लाख
  18. उज्जैन डॉ. एनके त्रिवेदी तत्कालीन सिविल सर्जन 2012-13 129 लाख
  19. बालाघाट डॉ. राजारानी खरे तत्कालीन सीएमएचओ 2010 41 लाख
  20. बालाघाट डॉ.केके खोसला सीएमएचओ 2010-11 41 लाख
  21. छिन्दवाड़ा डॉ. जीसी चौरसिया तत्कालीन सीएमएचओ 2010-11 223 लाख
  22. ग्वालियर डॉ. एसके श्रीवास्तव तत्कालीन सीएमएचओ 2010 9 लाख
  23. बालाघाट डॉ.एसएल साहू तत्कालीन सीएमएचओ 2010 41 लाख
  24. दतिया डॉ. प्रदीप उपाध्याय तत्कालीन सिविल सर्जन 2011-2013 55 लाख
  25. दतिया डॉ. आरएस गुप्ता सिविल सर्जन 2013 से अब तक 55 लाख


दवाओं की गुणवत्‍ता जांच के लिए लैब चिन्हित की गई थीं, लेकिन कुछ जिलों में दवाओं की जांच नहीं कराई गई। इस वजह से शासकीय प्रक्रिया के तहत उन्हें नोटिस जारी किया गया है।
डॉ. नवनीत मोहन कोठारी, स्वास्थ्य संचालक

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !