निर्भय होकर करें मतदान: चुनाव आयोग

भोपाल। 11 नगरीय निकाय में आज होने वाले मतदान की सभी तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं। राज्य निर्वाचन आयुक्त श्री आर. परशुराम ने बताया है कि शांतिपूर्ण मतदान के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गए हैं। उन्होंने कहा है कि सभी मतदाता निर्भय होकर मतदान करें। मतदान सुबह 7 से शाम 5 बजे तक होगा। मतगणना 4 फरवरी को होगी।

मतदान नगरपालिक निगम भोपाल, इंदौर, जबलपुर, छिन्दवाड़ा तथा नगर परिषद वनखेड़ी, बड़ोनी, शमशाबाद, छापीहेड़ा और पटेरा में होगा। नगरपालिका परिषद् हरदा और नगर परिषद् छनेरा में अध्यक्ष को वापस बुलाने के लिए मतदान होगा।

आज जिन 11 नगरीय निकाय में मतदान होगा, वहाँ कुल 43 लाख 25 हजार 91 मतदाता हैं। इसमें पुरूष मतदाता 22 लाख 73 हजार 737, महिला मतदाता 20 लाख 51 हजार 185 और अन्य 169 हैं। इन निकायों में 417 वार्ड हैं। यहाँ 5241 मतदान केन्द्र बनाये गये हैं।
इन निकायों में महापौर के 4, अध्यक्ष के 7 और पार्षद के 417 पद के लिये मतदान होगा। मतदान में महापौर के 35, अध्यक्ष के 23 और पार्षद के 1612 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में हैं।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
श्री परशुराम ने जानकारी दी है कि शांतिपूर्ण मतदान के लिये लगभग 17 हजार सुरक्षा बल तैनात किये गए हैं। इसमें विशेष सशस्त्र बल, आरएएफ, जिला पुलिस बल और होमगार्ड के जवान शामिल हैं। नगरपालिक निगम भोपाल में 496, इंदौर में 147, जबलपुर में 244 और छिन्दवाड़ा में 57 क्रिटिकल मतदान केन्द्र चिन्हित किये गये हैं। इनमें सुरक्षा के लिये विशेष प्रबंध किये गये हैं।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!