छोटे हाथी ने वृद्ध को कुचला, हाईवे जाम, पुलिस पर पथराव

Updesh Awasthee
मुरैना। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के करील वाले बाबा के पास हाईवे पर साइकिल से जा रहे एक वृद्ध को छोटा हाथी के चालक ने तेजी व लापरवाही से चलाते हुए टक्कर मार दी जिससे उस वृद्ध की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। साईकिल चालक की मौत से उत्तेजित भीड़ ने पुलिस वाहन पर पथराव कर जाम लगा दिया। पुलिस ने ड्रायवर सहित वाहन को जप्त कर आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने वृद्ध के शव को पोस्टमार्टम के लिये पीएम हाउस भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार प्रभुदयाल पुत्र चौखरिया लाल जाटव उम्र 55 वर्ष निवासी डोमपुरा बाजार से अपने घर साइकिल से जा रहा था कि तभी पीछे से आ रही लोडिंग वाहन छोटा हाथी क्रमांक 07 जीए 4252 के चालक ने तेजी व लापरवाही से चलाकर वृद्ध को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वृद्ध प्रभुदयाल मौके पर घायल होकर गिर गया। सिर से काफी खून बह जाने के कारण उसकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्ष दर्शियों ने घटना की सूचना पुलिस थाना सिविल लाईन को दी। वृद्ध की मौत की खबर जब परिजनों को लगी तो वे घटना स्थल पर आये। वृद्ध की मौत के बाद उत्तेजित भीड़ ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कुछ देर के लिये हाईवे पर यातायात अवरूद्ध कर दिया। इस कारण सड़क पर वाहनों की लंबी लाईन लग गई। जाम लगने की सूचना नगर पुलिस अधीक्षक मंजीत चावला को मिली तो वे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

पुलिस द्वारा जाम लगा रही भीड़ को खदेडऩे का प्रयास किया तो गुस्साये लोगों ने पुलिस वाहन पर भी पथराव करना शुरू कर दिया। हालात बिगड़ते देख पुलिस अधिकारियों ने भीड़ को समझा-बुझाकर काबू में किया एवं वृद्ध के शव को पोस्टमार्टम के लिये शवगृह पहुंचाया। भीड़ द्वारा पथराव किये जाने से पुलिस वाहन के क्षत्रिग्रस्त होने की जानकारी मिली है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!