पढ़िए संघ शिविर में सागर क्यों आईं थीं उमा भारती

सागर। मैं यहां संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत को प्रणाम करने और गंगा के मुद्दे पर चर्चा करने आई थी। राजनैतिक मुददों पर कोई चर्चा नहीं की।  ये बात केंद्रीय जल संसाधन मंत्री उमा भारती ने यहां पत्रकारों से चर्चा में कही। वे संघ के चिंतन शिविर में भाग लेने सागर आई है। बता दें कि उमा भारती को शिवराज विरोधी गुट का लीडर माना जाता है और शिवराज सिंह कतई नहीं चाहते कि वो मध्यप्रदेश में कदम भी रखें, जबकि एक दूसरा धड़ा उमा भारती को शिवराज के विकल्प के रूप में प्रस्तुत करता आया है। 

सुश्री भारती ने बताया कि गुरुवार को उनकी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से नदी जोड़ो योजना के तहत केन बेेतवा प्रोजेक्ट व अन्य जल योजनाओं के संबंध में चर्चा हुई है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री चौहान ने बताया कि यूपीए शासन में मप्र के सिंचाई के कई प्रोजेक्ट लंबित हो गए थे, जिसे मैंने जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया है। मेरे कहने पर वह कुछ अधिकारियों को यहां छोड़ गए हैं। मैंने अपने मंत्रालय के कर्मचारियों से वार्तालाप कराके मप्र के मुद्दे जल्द निपटाने के निर्देश दिए हैं। मैंने ऐसे चार प्रोजेक्ट बनाए हैं, जिससे 2060 तक पानी की समस्या दूर हो जाएगी। इसके अलावा एक चौथा लिंक शुरू होने वाला है, जिससे यमुना में पानी आएगा। यमुना फिर से अपने पुरातन रूप में लौटेगी। इसके लिए सुप्रीम कोर्ट का पूरा संरक्षण है।

मप्र ने देश का आंगन सुधारा
मैंने शिवराज से कहा आप सिंचाई की जितनी योजना मांगेंगे उतनी मिलेंगी, क्योंकि कृषि के मामले में मप्र ने देश का आंगन सुधारा है। यहां सूक्ष्मता के साथ तालाबों के रास्ते खोल दिए हैं। कृषि दर आगे बढ़ी। यह वह राज्य है जिसने कृषि के मामले में कीर्तिमान स्थापित किया है। मेरी सक्रियता दिल्ली में ज्यादा काफी है। उनसे मिलना नहीं होता तो मैं भोपाल नहीं आती। सीएम शिवराज सिंह मेरे बड़े भाई हैं। उन्होंने कहा कि मैं आज यहां संघ के एक व्यापक कार्यक्रम में शामिल होकर संघ प्रमुख को प्रणाम करने मप्र आई हूं, वह मेरे लिए भगवान जैसे हैं। मेरी संघ प्रमुख से गंगा के मामले में चर्चा हुई है। वह गंगा के मामले में ज्यादा रूचि दिखाते हैं। राजनैतिक मुददों पर कोई चर्चा नहीं की।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!