नई दिल्ली। चांदनी चौक विधानसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार प्रहलाद सिंह साहनी के प्रचार वाहन से एक युवक का शव बरामद किया गया है। शव की पहचान दीपक के रूप में हुई है। वह मूल रूप से मेरठ का रहने वाला था। पुलिस के अनुसार दीपक पर प्रचार कार्य की जिम्मेदारी थी। शुरुआती जांच में दम घुटने से उसकी मौत होने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखवा दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस के अनुसार शनिवार शाम प्रचार वाहन सिविल लाइंस इलाके में प्रचार कर रहा था।
इस दौरान चालक वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर कहीं चला गया। दीपक वाहन के अंदर ही सोया था। थोड़ी देर बाद जब चालक वापस लौटा तो दरवाजा अंदर से बंद था। उसने देर तक दरवाजा खटखटाया लेकिन अंदर से आवाज नहीं आई।
इसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह दरवाजा खोला और दीपक को पास के अस्पताल लेकर गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
