गुना। जिले के फतेहगढ़ कस्बे में एक शिक्षक व उसके पांच अन्य साथियों द्वारा महिला को निर्वस्त्र कर पीटने और गांव में घुमाने का मामला सामने आया है। बृहस्पतिवार देर शाम की इस घटना की शिकायत पर पुलिस ने 6 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, शिक्षक रामदयाल चंदेल कस्बे की पीडि़त महिला की भांजी के साथ अवैध संबंध बनाना चाहता था। इसका विरोध और शिकायत करने की बात पर आरोपी शिक्षक ने शाम करीब छह बजे महिला के घर साथियों के साथ पहुंचकर निर्वस्त्र कर पीटा और उसके बाद महिला को उसी स्थिति में गांव में घुमाकर थाने जाने को कहा। इस घटना के बाद पीडि़ता ने शुक्रवार सुबह थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। महिला के सिर में चोट व हाथ में फैक्चर हुआ है।
बनाया था अश्लील वीडियो
शिक्षक ने लड़की का अश्लील वीडियो बना लिया था। जिसे दूसरों को भेजने की धमकी देकर अवैध संबंध बनाने का दबाव डाल रहा था। पुलिस ने शिक्षक से मोबाइल सहित क्लीपिंग वाला कार्ड भी जब्त किया है।
पांच फरार
पीडि़ता की शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर दिया गया है। शिक्षक के 5 साथी फरार हैं।'
रामवीर सिंह
थाना प्रभारी फतेहगढ़